पंजाब में अवैध हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
Jan 21, 2026 7:32 AM
चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े अवैध हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जो सीमा पार बैठे तस्करों के संपर्क में थे और उनके कहने पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, अमृतसर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपियों के पास से छह आधुनिक पिस्तौल बरामद की गईं। इनमें दो ग्लॉक पिस्तौल और चार .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपी इन हथियारों को आगे अपराधियों तक पहुंचाने की तैयारी में थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये हथियार पंजाब और आसपास के इलाकों में आपराधिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जाने थे। इस मामले में अमृतसर के थाना इस्लामाबाद में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और हथियार कहां-कहां सप्लाई किए जाने थे। पुलिस ने कहा है कि अवैध हथियारों और अपराध के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।