Search

Breaking: फिर एक बार बम की धमकी, पंजाब CM ऑफिस-चंडीगढ़ कोर्ट उड़ाने का आया ईमेल

Feb 19, 2026 8:00 AM

चंडीगढ़: चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय और चंडीगढ़ कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं। सुबह 9 बजकर 46 मिनट पर संबंधित विभाग को भेजे गए ईमेल में दोपहर 2.11 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय और सेक्रेटेरिएट में तथा 3.11 बजे चंडीगढ़ कोर्ट में विस्फोट की बात कही गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने सचिवालय परिसर खाली कराया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। एहतियातन हरियाणा सचिवालय को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।

ईमेल में CM ऑफिस को निशाना बनाने का जिक्र

सामने आए ईमेल के स्क्रीनशॉट में लिखा है कि मान, यानी मुख्यमंत्री भगवंत मान के दफ्तर में दोपहर 2.11 बजे धमाका होगा। इसके साथ ही चंडीगढ़ कोर्ट में 3.11 बजे ब्लास्ट की बात कही गई है। ईमेल में नीचे मुख्यमंत्री के दफ्तर और घर को निशाना बनाने का उल्लेख भी किया गया है। हालांकि, इस वायरल स्क्रीनशॉट की पुलिस या प्रशासन के किसी अधिकारी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सुरक्षा एजेंसियां मौके पर तैनात

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ CRPF, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें सचिवालय परिसर में पहुंच गईं। पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली जा रही है और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है। सुरक्षा कर्मी हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रख रहे हैं और प्रवेश द्वारों पर सख्त जांच की जा रही है।

हरियाणा सचिवालय भी अलर्ट पर

सुरक्षा कारणों से हरियाणा सचिवालय को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। प्रशासन ने एहतियातन आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है।

पहले भी मिल चुकी है धमकी

बताया गया है कि मंगलवार को मोहाली के एक अस्पताल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जहां मुख्यमंत्री भगवंत मान भर्ती थे। हालांकि जांच में वह धमकी झूठी निकली थी। मौजूदा मामले में भी पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और ईमेल की सत्यता की पुष्टि की जा रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!