Search

Chandigarh News: पीयू में बदलाव की आहट, वीसी प्रो.विग को मिला चार माह का एक्सटेंशन

Mar 28, 2026 9:35 AM

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) की वाइस-चांसलर प्रो. रेनू चीमा विग को चार माह का एक्सटेंशन दिया गया है। उनका तीन साल का कार्यकाल शनिवार को समाप्त हो रहा था, लेकिन इससे एक दिन पहले शुक्रवार को यूनिवर्सिटी के चांसलर एवं देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें एक्सटेंशन प्रदान कर दिया। उप-राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह विस्तार 29 मार्च 2026 से प्रभावी होगा। वे इस अवधि में पंजाब यूनिवर्सिटी अधिनियम, 1947 की धारा 10 के तहत मौजूदा शर्तों पर अपने पद पर बनी रहेंगी। 

आमतौर पर पंजाब यूनिवर्सिटी में वाइस-चांसलर को तीन वर्ष का एक और कार्यकाल (एक्सटेंशन) दिए जाने की परंपरा रही है। ऐसे में प्रो. विग को केवल चार माह का विस्तार मिलना इस ओर संकेत करता है कि यूनिवर्सिटी को जल्द ही नया वाइस-चांसलर मिलने की संभावना है। इन चार महीनों के दौरान सर्च-कम-सेलेक्शन कमेटी का गठन कर नई नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

गौरतलब है कि मौजूदा कार्यकाल के अंतिम दिनों तक सर्च-कम-सेलेक्शन कमेटी का गठन नहीं हो सका था, जिससे नए वीसी की नियुक्ति को लेकर असमंजस बना हुआ था। इस देरी के चलते यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक और प्रशासनिक हलकों में लगातार अटकलों का दौर जारी था। प्रो. रेनू चीमा विग ने 16 जनवरी 2023 को प्रो. राज कुमार के इस्तीफे के बाद कार्यवाहक वाइस-चांसलर के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद 21 मार्च 2023 को गठित तीन सदस्यीय सर्च-कम-सेलेक्शन कमेटी की प्रक्रिया के तहत 140 से अधिक आवेदकों में से उनका चयन किया गया। उन्होंने 29 मार्च 2023 को नियमित वाइस-चांसलर के रूप में पदभार ग्रहण किया था।

पंजाब यूनिवर्सिटी में नए वाइस-चांसलर की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से माहौल गर्म बना हुआ था। यूनिवर्सिटी के भीतर और बाहर अकादमिक, प्रशासनिक और सियासी स्तर पर हलचल तेज थी। परंपरागत रूप से तीन साल का एक्सटेंशन मिलने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन चांसलर के बदलने के बाद परिस्थितियां बदलती नजर आईं। अब चार माह का सीमित विस्तार दिए जाने से यह लगभग स्पष्ट हो गया है कि आने वाले समय में यूनिवर्सिटी को नया नेतृत्व मिलेगा।

पिछले कई दिनों से यूनिवर्सिटी के भीतर और बाहर से दावेदारों के कई नाम सामने आने लगे थे । सूत्रों के अनुसार, पीयू के फिजिक्स विभाग के प्रोफेसर और सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के मौजूदा वाइस-चांसलर प्रो. टंकेश्वर कुमार का पांच वर्षीय कार्यकाल जुलाई 2026 में पूरा हो रहा है। ऐसे में उन्हें इस पद के लिए सबसे मजबूत दावेदारों में गिना जा रहा है। इसी तरह, पंजाब यूनिवर्सिटी के यूनिवर्सिटी बिजनेस स्कूल (यूबीएस) से जुड़े प्रो. कर्मजीत सिंह, जो वर्तमान में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू) के वाइस-चांसलर हैं, का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल है। 

इसके अलावा पीयू के लॉ विभाग के प्रो. देविंदर सिंह, यूबीएस के प्रो. संजय कौशिक, गणित विभाग के प्रो. एस.के. तोमर और यूआईएएमएस के प्रो. संजीव शर्मा भी इस दौड़ में सक्रिय बताए जा रहे हैं। इन नामों के सामने आने से साफ संकेत मिल रहे हैं कि पंजाब यूनिवर्सिटी के नए वाइस-चांसलर को लेकर मुकाबला कड़ा होता जा रहा है। आने वाले दिनों में लॉबिंग और तेज होने के आसार हैं, जिससे इस नियुक्ति प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


You may also like:

Please Login to comment in the post!