पंजाब के मुख्यमंत्री के ओएसडी के 'सहयोगी' और अन्य लोगों के परिसरों पर ईडी की छापेमारी
May 07, 2026 2:34 PM
चंडीगढ़: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित जमीन धोखाधड़ी मामले में धनशोधन जांच के तहत मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के एक कथित निकट सहयोगी के परिसरों समेत पंजाब और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर बृहस्पतिवार को छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मोहाली और चंडीगढ़ में सनटेक सिटी परियोजना, अजय सहगल, एबीएस टाउनशिप्स, अल्टस बिल्डर्स, धीर कंस्ट्रक्शंस और उनके सहयोगियों से जुड़े करीब 12 स्थानों पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि एजेंसी नितिन गोहल नामक व्यक्ति के परिसरों पर भी छापे मार रही है।
उस पर ‘ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी’ (गमाडा) के शुल्क के भुगतान में ‘‘चूक’’ करने वाले कई बिल्डर की ‘‘मदद’’ करने और उनके लिए राजनीतिक संरक्षण की व्यवस्था करने का आरोप है। अधिकारियों ने दावा किया कि आईटी पेशेवर गोहल का संबंध पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) राजबीर घुम्मण से है। अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों पर गमाडा से भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) लाइसेंस हासिल करने में धोखाधड़ी करने और बाद में लोगों से ठगी करने का आरोप है। आरोप है कि उन्होंने निवेशकों से करोड़ों रुपये की धनराशि जुटाई। उन्होंने बताया कि मोहाली में ऊंची इमारत से कथित तौर पर फेंकी गई नकद राशि बरामद होने की घटना भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कितनी राशि फेंकी गई है।
सूत्रों ने बताया कि मोहाली के खरड़ में एक आवासीय सोसायटी के परिसर में 500 रुपये के नोटों से भरे दो बैग देखे गए जिससे संकेत मिलता है कि ईडी की छापेमारी के बाद उन्हें एक फ्लैट से नीचे फेंका गया था। सूत्रों ने बताया कि आवासीय सोसायटी के परिसर में नकदी के कुछ बंडल भी बिखरे दिखाई दिए। जमीन पर पड़े नकदी से भरे बैग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया है। सूत्रों ने बताया कि ईडी अधिकारियों ने खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर्स के एक फ्लैट में छापेमारी की। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि नकदी से भरे बैग पंजाब में कथित जमीन धोखाधड़ी मामले में ईडी की छापेमारी से जुड़े हैं या नहीं। खरड़ में फ्लैट से नकदी से भरे बैग फेंके जाने को लेकर ईडी की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है।
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने ‘एक्स’ पर इन दो बैग के बारे में पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘‘करोड़ों रुपये, 500 के नोट हवा में उड़ रहे हैं। पैसा किसका है- मुख्यमंत्री मान के ओएसडी राजबीर सिंह का। ‘कट्टर धोखेबाज’ ईडी के जाल में। मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी सहयोगी ओएसडी राजबीर घुम्मण के करीबी सहयोगियों और रिश्तेदारों नितिन, वीर दविंदर के परिसरों पर ईडी की छापेमारी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ईडी ने मुख्यमंत्री मान के सहयोगी से जुड़ी मोहाली की ऊंची इमारत में छापा मारा, नौवीं मंजिल से बैग फेंके जाने के बाद 500 रुपये के नोट बिखर गए। मुख्यमंत्री मान के करीबी सहयोगी के रिश्तेदारों के खिलाफ ईडी की छापेमारी के बाद करोड़ों रुपये नौवीं मंजिल से बाहर फेंके गए। हवाला लेनदेन का खुलासा हुआ है। जल्द बड़ा खुलासा होगा।’’