प्रधानमंत्री मोदी ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर किया गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा
Feb 01, 2026 3:13 PM
पंजाब: नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर किया और लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर सिविल टर्मिनल भवन का ऑनलाइन तरीके से उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी अपराह्न लगभग तीन बजकर 45 मिनट पर आदमपुर हवाई अड्डे पहुंचे। मोदी ने लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया, जिससे पंजाब में बुनियादी विमानन ढांचे को और बढ़ावा मिलेगा।
रायकोट उपखंड के हलवारा स्थित भारतीय वायु सेना अड्डे पर विकसित इस टर्मिनल से क्षेत्र में हवाई संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होने और औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हवाई अड्डे की टर्मिनल भवन परियोजना को पंजाब सरकार और भारतीय विमानन प्राधिकरण के बीच एक संयुक्त उद्यम के रूप में 54.67 करोड़ रुपये के परिव्यय से स्थापित किया गया है। इस मौके पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और अन्य गणमान्य व्यक्ति लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर मौजूद थे।
हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन को लेकर अधिकारीयों का बयान
हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन के शुरू होने से क्षेत्र में हवाई संपर्क में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है, जिससे औद्योगिक गतिविधि, पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और इस प्रकार पंजाब के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान मिलेगा। उन्होंने बताया कि हवाई संपर्क में सुधार और बड़े विमानों को समायोजित करने के लिए हलवारा में एक नया सिविल एन्क्लेव विकसित किया गया है, जिसमें ए320 जैसे विमानों को संभालने में सक्षम लंबा रनवे है। लुधियाना से हवाई संपर्क शहर के उद्योगपतियों की प्रमुख मांगों में से एक रहा है, जिन्हें या तो दिल्ली, चंडीगढ़ या अमृतसर से उड़ान भरनी पड़ती है।