पंजाब सरकार के नशा-विरोधी अभियान के दिख रहे हैं नतीजे, तस्कर हरियाणा भागने को मजबूर: चीमा
Feb 24, 2026 9:31 PM
चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को दावा किया कि मादक पदार्थ के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के अभियान ने तस्करों को अपना अड्डा पड़ोसी राज्य हरियाणा में स्थानांतरित करने के लिए मजबूर कर दिया है।चीमा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब के बार-बार दौरे पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि क्या भाजपा राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी में नयी जान फूंकने का प्रयास कर रही है।
यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार ने 2022 में सत्ता संभालने के बाद मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान शुरू किया और पूरे राज्य में मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी।
उन्होंने कहा कि पंजाब में शिकंजा कसने के साथ ही तस्कर भाग रहे हैं और हरियाणा को अपना नया अड्डा बना रहे हैं। हमारे प्रयास रंग ला रहे हैं।