Search

Punjab Election Result: लुधियाना और रूपनगर में फंसा पेंच; जानें पंजाब निकाय चुनाव के नतीजों की हर छोटी-बड़ी अपडेट

May 29, 2026 12:22 PM

पंजाब। स्थानीय सरकार चुनने के लिए पंजाब के शहरी मतदाताओं ने इस बार कई जगह एकतरफा तो कई जगह बेहद चौंकाने वाला जनादेश दिया है। मालवा के केंद्र बरनाला की बात करें तो यहाँ आम आदमी पार्टी ने विपक्ष को पूरी तरह हाशिए पर धकेल दिया है। अब तक आए 16 वार्डों के नतीजों में से 14 पर 'आप' के प्रत्याशियों ने परचम लहराया है। वार्ड नंबर 1 से परमजीत कौर और वार्ड 2 से जसविंदर सिंह की जीत के साथ शुरू हुआ यह सिलसिला वार्ड 16 तक जारी रहा। यहाँ बीजेपी सिर्फ वार्ड 15 (दीपेंद्र कौर) और निर्दलीय उम्मीदवार शरणजीत सिंह लाडी वार्ड 11 से अपनी साख बचाने में कामयाब रहे।

रायकोट में कांटे की टक्कर, लुधियाना में कांग्रेस की तगड़ी घेराबंदी

बरनाला से उलट, रायकोट में चुनावी जंग बेहद करीबी रही है। यहाँ वार्ड नंबर 6 और 7 में कांग्रेस की चरणजीत कौर और शरणजीत कौर ने जीत दर्ज की, तो वहीं वार्ड 8 और 9 में पासा पलट गया और 'आप' के साहिल गोयल व अमरजोत कौर काहिल विजयी रहे। उधर, लुधियाना जिले के बड़े सियासी फलक पर नजर डालें तो 'आप' 23 सीटों पर आगे जरूर है, लेकिन कांग्रेस 15 सीटों के साथ उसके ठीक पीछे खड़ी है। अकाली दल यहाँ 5 और भाजपा महज 1 सीट पर आगे चल रही है, जो बताता है कि महानगर के मतदाताओं ने सत्ता पक्ष को एकतरफा वॉकओवर नहीं दिया है।

रूपनगर में बंटा हुआ जनादेश; भाजपा और अकाली दल ने मारी बाजी

रूपनगर (रोपड़) के नतीजे इस बात का सबूत हैं कि पंजाब के शहरी इलाकों में पारंपरिक त्रिकोणीय और चतुष्कोणीय मुकाबले अभी मरे नहीं हैं। यहाँ घोषित 12 नतीजों में 'आप' को 4 सीटें (प्रवीण कुमार, संतोष कुमारी, सुखजिन्दर फौजी और अमृत पाल सोनू) मिली हैं। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी ने यहाँ शानदार वापसी करते हुए 4 वार्डों (कर्मजीत कौर, जसवीर कौर, किरण गुप्ता और हरमिन्दर वालिया) पर कब्जा जमाया है। शिरोमणि अकाली दल के हिस्से भी 2 सीटें आई हैं, जबकि कांग्रेस और निर्दलीय को 1-1 सीट मिली है।

सरहिंद में 'झाड़ू' की धार तेज, पट्टी में कैरों गुट का धमाका

ऐतिहासिक धरती सरहिंद-फतेहगढ़ साहिब की बात करें तो यहाँ की नगर परिषद के सभी 12 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। आम आदमी पार्टी ने यहाँ शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 सीटों पर कब्जा कर लिया है, जबकि कांग्रेस केवल 4 वार्डों तक सिमट कर रह गई।

वहीं, तरन तारन के पट्टी इलाके से इस चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर सामने आया है। पट्टी नगर कौंसिल के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दलबीर सिंह सेखों को वार्ड नंबर 8 से करारी हार का सामना करना पड़ा है। यहाँ पूर्व मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों के धड़े वाले निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपनी ताकत दिखाते हुए शुरुआती 8 में से 4 सीटों पर कब्जा कर लिया है, जिसने 'आप' (3 सीटें) और कांग्रेस (1 सीट) दोनों को रक्षात्मक मुद्रा में ला दिया है।

मुक्तसर और गिद्दड़बाहा में मुख्यमंत्री के गढ़ में बड़ी जीत

मुख्यमंत्री के प्रभाव वाले इस इलाके में आम आदमी पार्टी का दबदबा साफ नजर आ रहा है। गिद्दड़बाहा नगर परिषद की कुल 19 सीटों में से 13 के परिणाम आ चुके हैं। इनमें से 12 सीटों पर 'आप' ने एकतरफा जीत दर्ज कर अपनी सरकार बना ली है, जबकि कांग्रेस को महज 1 सीट से संतोष करना पड़ा है। श्री मुक्तसर साहिब की 31 सीटों पर भी शुरुआती 8 सीटों के रुझान 'आप' के पक्ष में जाते दिख रहे हैं। दोपहर बाद तक बाकी बची सीटों के नतीजे भी पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!