पंजाब के मंत्री हरभजन सिंह ने बाजवा की ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणियों के खिलाफ प्रदर्शन किया
Mar 06, 2026 4:59 PM
चंडीगढ़: पंजाब के मंत्री हरभजन सिंह ने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा की गई ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणियों को लेकर शुक्रवार को यहां उनके खिलाफ प्रदर्शन का नेतृत्व किया। पिछले महीने सिंह पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए बाजवा ने कहा था, ‘‘जो पहले बैंड बजाता था, अब हम उसका ‘बैंड’ बजाएंगे।’’ इस पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की, लेकिन बाजवा ने अपने बयान का सिंह की जाति से कोई संबंध होने से इनकार किया है।
सिंह पहले कह चुके हैं कि उनके पिता एक बैंड मास्टर थे और बाजवा की टिप्पणियों ने कड़ी मेहनत से आजीविका कमाने वाले ऐसे ईमानदार लोगों का मजाक उड़ाया है। शुक्रवार को पंजाब विधानसभा के बाहर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजे के साथ प्रदर्शन किया, जो विपक्ष के नेता की टिप्पणियों के खिलाफ एक प्रतीकात्मक विरोध था। मंत्री ने विपक्ष के नेता बाजवा से माफी मांगने को कहा, जबकि विधायक अमनशेर सिंह शेरी कलसी समेत प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेता के खिलाफ नारे लगाए।
यह विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के प्रारंभ होने से पहले किया गया। इससे पहले, पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग (पीएसएससीसी) ने सिंह के बारे में टिप्पणियों पर स्पष्टीकरण मांगने के लिए कांग्रेस नेता को तलब किया था। आयोग के समक्ष अपने बयान में बाजवा ने जातिगत भेदभाव से संबंधित कोई भी टिप्पणी करने की बात से इनकार किया।