Punjab News: होशियारपुर में बोरवेल में गिरे बच्चे को नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला
May 16, 2026 9:36 AM
होशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर जिले में खेलते समय एक बोरवेल में गिरे चार साल के बच्चे को नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान में कई बचाव एजेंसियां और स्थानीय स्वयंसेवक शामिल रहे। यह घटना शुक्रवार शाम होशियारपुर-दसूया मार्ग पर भिखोवाल के पास स्थित चक समाना गांव में हुई। अधिकारियों ने बताया कि चार वर्षीय गुरकरन सिंह बोरवेल में करीब 20 से 30 फुट की गहराई में फंसा हुआ था।
उन्होंने बताया कि रात 12 बजकर 40 मिनट पर बचाव दल ने उसे बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जब राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) का एक जवान उसे गोद में उठाकर लाया तो बच्चे का चेहरा मिट्टी से सना था, लेकिन उसकी हालत स्थिर थी। बच्चे के परिजनों और ग्रामीणों ने एनडीआरएफ जवानों और अन्य बचावकर्मियों को गले लगाकर उनका आभार जताया। एनडीआरएफ के उप-कमांडेंट पंकज शर्मा ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा कि बच्चे की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि यह अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण था क्योंकि मिट्टी बार-बार धंस रही थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बचावकर्मियों ने पूरे अभियान में सराहनीय काम किया।’’ इस अभियान में एनडीआरएफ, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पंजाब पुलिस, जिला प्रशासन, दमकल विभाग और स्थानीय स्वयंसेवकों ने मिलकर काम किया। पंजाब के मंत्री रवजोत सिंह और आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद राज कुमार चब्बेवाल पूरे अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहे। जिलाधिकारी आशिका जैन ने बताया कि शाम करीब चार बजे घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। उन्होंने बताया कि बच्चा घर से सटे एक खुले बोरवेल में फिसलकर गिर गया था। अधिकारियों के अनुसार बोरवेल हाल में खोदा गया था और उसके आसपास बजरी व मिट्टी भरने का काम अभी बाकी था।