Punjab News: लुधियाना-अमृतसर में 2 पंपों पर पेट्रोल खत्म, ड्रम-कैनियों पर डीजल देने पर रोक, मंत्री बोले- पैनिक क्रिएट न करें
Mar 28, 2026 11:54 AM
चंडीगढ़: पंजाब के लुधियाना, अमृतसर और जालंधर में शनिवार को पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर स्थिति चर्चा में रही, जब कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो गया। जालंधर और लुधियाना में एक-एक पंप ड्राई हो गया था, जबकि शनिवार को अमृतसर के रानी के बाग स्थित पेट्रोल पंप पर भी पेट्रोल खत्म हो गया। पंप मालिकों ने वहां नोटिस लगा दिया। हालांकि जालंधर के BMC चौक के पास बंद हुआ पंप सप्लाई आने के बाद फिर से खोल दिया गया है, जबकि लुधियाना के भारत नगर चौक का पंप अभी बंद है।
किन जगहों पर दिखा असर
लुधियाना के भारत नगर चौक स्थित पेट्रोल पंप को बंद कर दिया गया है और वहां अभी भी सप्लाई बहाल नहीं हुई है। अमृतसर के रानी के बाग क्षेत्र में पेट्रोल खत्म होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं जालंधर में BMC चौक के पास बंद पंप में तेल पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। दूसरी ओर पठानकोट और मोहाली में फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं देखी जा रही है।
ड्रम और कैन में डीजल पर रोक
मोगा में फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग ने पेट्रोल पंप मालिकों को एडवाइजरी जारी कर ड्रमों और कैनियों में डीजल देने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। विभाग का मानना है कि इससे स्टोरेज और ब्लैक मार्केटिंग पर नियंत्रण किया जा सकेगा। चंडीगढ़ में भी ड्रम में डीजल बेचना बंद कर दिया गया है।
एसोसिएशन ने जताया विरोध
पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने इस एडवाइजरी का विरोध किया है। उनका कहना है कि डीजल का इस्तेमाल मोटर, पंप, जनरेटर जैसे उपकरणों में होता है, जिन्हें पेट्रोल पंप तक लाना संभव नहीं है। ऐसे में इस फैसले से आम लोगों को परेशानी होगी और अनावश्यक पैनिक की स्थिति बन सकती है।
क्रेडिट सप्लाई बंद होने का असर
लुधियाना के आजाद पंप के मैनेजर अजय ने बताया कि पहले उन्हें तेल कंपनियों से दो गाड़ियां क्रेडिट पर मिलती थीं, लेकिन अब यह सुविधा बंद कर दी गई है। अब एडवांस पेमेंट करने के बाद ही सप्लाई मिलती है, जिससे पंप संचालकों पर दबाव बढ़ा है। हालांकि उन्होंने कहा कि फिलहाल आम लोगों के लिए ईंधन की उपलब्धता बनी हुई है।
सरकार और केंद्र का रुख
मंत्री संजीव अरोड़ा ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और पैनिक न फैलाएं, क्योंकि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि एलपीजी की सप्लाई कुछ हद तक प्रभावित हुई है और इस समय करीब 20 प्रतिशत उपलब्ध है, जिसे जरूरी सेवाओं के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। केंद्र सरकार ने भी पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10-10 रुपए घटाई है ताकि कीमतें न बढ़ें। साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि देश में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है, जैसा कि पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी कहा।