Search

Punjab News: पटियाला में रेलवे ट्रैक पर धमाके से पटरी टूटी, पास ही चिथड़े उड़ी लाश भी बरामद, जांच में जुटीं पुलिस व एजेंसियां

Apr 28, 2026 9:47 AM

चंडीगढ़: पंजाब के पटियाला जिले में अंबाला-अमृतसर रेल फ्रेट कॉरिडोर पर सोमवार रात करीब साढ़े 8 बजे राजपुरा-शंभू रेलवे ट्रैक के पास लो-इंटेंसिटी IED धमाका हुआ। इस विस्फोट से रेलवे पटरी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ, पंजाब पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ है, जिसके अवशेष बुरी तरह क्षतिग्रस्त थे। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे विस्फोट करने आए व्यक्ति से जोड़कर देख रही है।

धमाके के बाद मौके पर मिला शव

घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति का शव मिला, जिसके चिथड़े उड़ गए थे। शव के साथ पगड़ी और बाल भी मिले हैं, जिससे पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह व्यक्ति विस्फोट को अंजाम देने आया था और उसी दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, आधिकारिक पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और फोरेंसिक जांच जारी है।

पहले मिली धमकी पर नहीं हुआ एक्शन

जानकारी के अनुसार, एक सप्ताह पहले अज्ञात ईमेल के जरिए पंजाब और हरियाणा में रेलवे ट्रैक उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस ईमेल में 24 अप्रैल को अंबाला से दिल्ली तक रेल लाइनों पर धमाके की बात कही गई थी। पंजाब के लुधियाना, अमृतसर, बठिंडा और फिरोजपुर जैसे शहरों का भी जिक्र था। बावजूद इसके सुरक्षा एजेंसियों ने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके बाद यह घटना सामने आई।

पुलिस और एजेंसियों की संयुक्त जांच

पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा के अनुसार, सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि यह केवल छोटा विस्फोट नहीं, बल्कि बड़े धमाके की कोशिश थी। मौके से एक सिम कार्ड और अन्य सबूत बरामद किए गए हैं। तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और जीआरपी, आरपीएफ तथा अन्य केंद्रीय एजेंसियां भी इसमें शामिल हैं।

मौके से दो संदिग्ध बाइक बरामद

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल के पास से दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं, जिन पर यूपी और हरियाणा के नंबर दर्ज हैं। इन वाहनों की जांच की जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। जिस स्थान पर विस्फोट हुआ, वह शंभू-हरियाणा बॉर्डर के पास एक सुनसान इलाका बताया जा रहा है, जिससे जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है।

पहले भी हो चुका है रेल ट्रैक पर ब्लास्ट

पंजाब में रेल लाइनों पर यह इस साल का दूसरा बड़ा विस्फोट है। इससे पहले 23 जनवरी को सरहिंद के खानपुर इलाके में ब्लास्ट हुआ था, जिसमें मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया था और लोको पायलट घायल हुआ था। इस नई घटना ने रेलवे सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

नेताओं की प्रतिक्रिया और कानून-व्यवस्था पर सवाल

इस घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए राज्य सरकार की आलोचना की है। वहीं पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सुरक्षा के बजाय राजनीतिक मुद्दों में व्यस्त है, जिससे असामाजिक तत्वों को मौका मिल रहा है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!