Punjab News: सीमा पार हथियार तस्करी के मामले में छह लोगों को पकड़ा गया
Mar 07, 2026 9:48 AM
चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने अमृतसर जिले में एक कथित सीमा पार हथियार तस्करी मोड्यूल का भंडाफोड़ किया और छह लोगों को पकड़ा, जिनमें एक किशोर भी शामिल है। पुलिस ने उनके पास से पांच पिस्तौल और एक धारदार हथियार बरामद किया। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शुक्रवार को दी। डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हथियार तस्करों के संपर्क में थे और अपने आकाओं के निर्देश पर ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियारों की खेप प्राप्त कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इसके बाद वे इन अवैध हथियारों को राज्य भर में वितरित कर रहे थे।
आरोपियों की पहचान अमृतसर के मकबूलपुरा निवासी रोहित कुमार (18), तरनतारन के काले गांव निवासी करणबीर सिंह उर्फ अजय (24); तरनतारन के मैरी मेघा गांव के रहने वाले जशनदीप सिंह उर्फ ज्ञानी (18), ओंकार सिंह उर्फ वंश (21) और आकाशदीप सिंह (24) और 16 वर्षीय एक किशोर के तौर पर हुई है। पुलिस ने पांच पिस्तौल - .30 बोर की एक पिस्तौल, नौ मिमी ग्लॉक की एक पिस्तौल, .30 बोर की एक पीएक्स5, नौ मिमी की एक टॉरस और नौ मिमी की एक ग्रेटा (पाकिस्तान में निर्मित) के साथ 34 कारतूस बरामद किए।
अभियान का विवरण साझा करते हुए, अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पुलिस टीम ने शुरुआत में गश्त के दौरान रोहित कुमार और किशोर को पकड़ा और .30 बोर की एक पिस्तौल और एक धारदार हथियार बरामद किया। भुल्लर ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि हथियार की आपूर्ति करणबीर सिंह उर्फ अजय ने की थी और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आगे की पूछताछ में तीन और आरोपियों ओंकार सिंह, आकाशदीप सिंह और जशनदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया और चार पिस्तौल बरामद की गईं। पुलिस ने कहा कि अमृतसर के मकबूलपुरा पुलिस थाने में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6), 25(7) और 25(8) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।