Search

Punjab News: पंजाब में बदला सरकारी दफ्तरों-स्कूलों का समय, सीएम ने भीषण गर्मी के चलते लिया फैसला, सुबह 7:30 बजे खुलेंगे स्कूल

May 22, 2026 4:23 PM

चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की है कि 25 मई 2026 से राज्य के सभी सरकारी दफ्तर और स्कूल सुबह 7:30 बजे खुलेंगे और दोपहर 1:30 बजे बंद हो जाएंगे। यह आदेश सभी सरकारी स्कूलों की सभी कक्षाओं और सरकारी कार्यालयों पर लागू होंगे। सरकार का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रभाव को देखते हुए यह कदम लोगों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है।

बारिश-तेज हवाएं चलने से गर्मी से मिली राहत

शुक्रवार सुबह पंजाब के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। जालंधर, लुधियाना और पठानकोट समेत कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई। जालंधर और पठानकोट में बारिश के साथ तेज हवा चलने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।

पंजाब में गुरुवार को अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ और मोहाली में भी दिनभर गर्म हवाएं और लू का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में चंडीगढ़ और मोहाली में बादल छाने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

26 मई तक फिर बढ़ सकती है गर्मी

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 24 से 26 मई तक मौसम सामान्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में दोबारा बढ़ोतरी हो सकती है और 26 मई तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

सरकारी अस्पतालों में बनाए गए हीट स्ट्रोक वार्ड

भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा है। राज्य के जिला अस्पतालों, उप-मंडल अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष हीट स्ट्रोक और शीतलन वार्ड बनाए गए हैं। इन वार्डों में एयर कंडीशनर, कूलर, ठंडी IV ड्रिप, बर्फ के पैक और ORS जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सरकार ने सभी सिविल सर्जनों को इन वार्डों को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए हैं।

बढ़ती गर्मी को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने भी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। प्रशासन के अनुसार 25 मई से चंडीगढ़ के स्कूलों में समर वेकेशन शुरू हो जाएगी। लगातार बढ़ते तापमान और लू के कारण बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन ने अभिभावकों से भी बच्चों को तेज धूप में बाहर भेजने से बचने की अपील की है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!