Punjab News: पंजाब में बिजली कटौती पर बवाल, अमृतसर में जबरन फीडर में घुस लोगों ने खुद चालू की सप्लाई, गर्मी में बढ़ी मुश्किलें
Apr 22, 2026 12:00 PM
चंडीगढ़: पंजाब के अमृतसर में बिजली कटौती को लेकर बुधवार देर रात बड़ा हंगामा देखने को मिला। पावरकॉम (PSPCL) द्वारा 5 दिनों तक रोजाना 8 से 10 घंटे बिजली कट लगाने के फैसले के खिलाफ गुस्साए लोग बिजली घर में जबरन घुस गए। घटना अमृतसर के कंबो थाना क्षेत्र की है, जहां करीब 20 से 25 लोग बिजली घर का गेट तोड़कर अंदर दाखिल हुए और कर्मचारियों की मौजूदगी में ही फीडर से छेड़छाड़ कर बिजली सप्लाई चालू कर दी। इस दौरान कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी की गई।
अमृतसर में देर रात हुआ हंगामा
ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी सुरिंदर सिंह के अनुसार, देर रात अचानक लोगों की भीड़ बिजली घर में घुस आई। उन्होंने कर्मचारियों को धमकाया और बिजली कट को तुरंत बंद करने की मांग की। कर्मचारियों ने बताया कि यह कटौती उच्च अधिकारियों के निर्देश पर की जा रही है, लेकिन भीड़ ने उनकी एक नहीं सुनी और जबरन सप्लाई बहाल कर दी। घटना की सूचना मिलते ही कंबो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
6 शहरों में लंबे बिजली कटौती के आदेश
पंजाब में 26 अप्रैल तक लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, बठिंडा, पटियाला और मोहाली में रोजाना कई घंटों की बिजली कटौती लागू की गई है। पावरकॉम ने इसे बिजली वितरण प्रणाली में सुधार और मॉडर्नाइजेशन का हिस्सा बताया है। हालांकि, लगातार बढ़ती गर्मी के बीच यह फैसला आम लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा रहा है।
हीटवेव के बीच बढ़ी चिंता
मौसम विभाग ने राज्य में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए 3 दिनों के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। पंजाब के 21 जिलों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। ऐसे में लंबे समय तक बिजली कटौती से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा है। सभी अस्पतालों को विशेष वार्ड तैयार करने और 24 घंटे स्टाफ तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली कटौती के चलते चिकित्सा सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
अलग-अलग शहरों में तय समय पर कटौती
पावरकॉम ने मोहाली, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, पटियाला और बठिंडा के अलग-अलग इलाकों में सुबह से लेकर शाम तक बिजली बंद रखने का शेड्यूल जारी किया है। इन क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर 4 से 8 घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। अगले कुछ दिनों तक यही व्यवस्था लागू रहेगी, जिससे लोगों को पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।