पंजाब पुलिस ने अमृतसर में हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, दो लोग गिरफ्तार
Feb 22, 2026 11:38 AM
चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने अमृतसर में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से पांच अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद कर सीमा पार हथियार तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर आपराधिक तत्वों को अवैध हथियारों की खेप पहुंचाने में मदद कर रहे थे।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से आने वाले अवैध हथियारों के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और पांच अत्याधुनिक पिस्तौल के साथ 10 कारतूस बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि अमृतसर के छावनी पुलिस थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और अवैध हथियार नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। डीजीपी ने कहा, ‘‘पंजाब पुलिस अवैध हथियार तस्करी गिरोह को खत्म करने और पूरे राज्य में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग है।’’