Search

Punjab Weather: पंजाब-चंडीगढ़ में आज बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, 18 जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी

Jun 03, 2026 9:52 AM

Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। 3 जून से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई जिलों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और आसमानी बिजली भी चमक सकती है। इस बीच राज्य के सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जिससे फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में तापमान में औसतन 1.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बावजूद राज्य का औसत तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। बठिंडा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 35.3 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। तापमान नियंत्रित रहने से हीट वेव जैसी स्थिति फिलहाल नहीं बन रही है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली हुई है।

इन 18 जिलों में जारी हुआ मौसम अलर्ट

मौसम विभाग ने पंजाब के 18 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, लुधियाना और संगरूर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इन जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

गर्मी घटने से बिजली की मांग में आई कमी

राज्य में तापमान में कमी का असर बिजली खपत पर भी दिखाई दिया है। 2 जून को पंजाब में बिजली की मांग 10,157 मेगावाट दर्ज की गई। इस दौरान राज्य की उत्पादन क्षमता लगभग 5 हजार मेगावाट रही, जबकि शेष बिजली केंद्र से खरीदी गई। ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि धान की रोपाई का मौसम शुरू होने के साथ आने वाले दिनों में बिजली की मांग फिर बढ़ सकती है। कृषि क्षेत्र में सिंचाई की जरूरत बढ़ने से बिजली की खपत में तेजी आने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ और मानसून का संयुक्त असर

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और 4 जून के आसपास इसके केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप तथा बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। दूसरी ओर पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के आसपास ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ 3 जून से उत्तर-पश्चिम भारत पर नया पश्चिमी विक्षोभ असर दिखाना शुरू करेगा। इन्हीं मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

3 से 6 जून तक बारिश और तेज हवाओं के आसार

मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार 3 और 4 जून को पंजाब के कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 5 और 6 जून को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज हो सकती है। 3 से 6 जून के बीच विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।

4 जून को पंजाब के सभी 23 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। 5 जून को फरीदकोट, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी रहेगी। 6 जून को फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!