Punjab Weather Update: अमृतसर-पठानकोट समेत 6 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, चंडीगढ़ सहित 17 जिलों में लू का टॉर्चर
May 23, 2026 10:38 AM
पंजाब। पंजाब में कुदरत के दो अलग-अलग मिजाज एक साथ देखने को मिल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों से आ रही ठंडी हवाओं और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में आंधी-तूफान के साथ हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद बंधी है। इस करवट से शुक्रवार को सूबे के औसत तापमान में 3.4 डिग्री की गिरावट भी दर्ज की गई, जिससे तपते पंजाब को आंशिक राहत मिली है। हालांकि, मालवा के बठिंडा में अभी भी पारा 44 डिग्री के पार बना हुआ है।
चंडीगढ़ और मालवा में 28 मई तक 'सीवियर हीटवेव' की मार, घरों में कैद रहने की मजबूरी
एक तरफ जहां सरहदी इलाकों में मौसम सुहावना हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ चंडीगढ़ समेत पंजाब के 17 मैदानी जिलों पर सूरज की तपिश भारी पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के मुताबिक जालंधर, फिरोजपुर, बठिंडा, लुधियाना, संगरूर और मोहाली जैसे बड़े शहरों में आगामी 28 मई तक भीषण लू (Severe Heatwave) का कहर जारी रहेगा। 24 से 26 मई के बीच फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और मानसा में गर्म हवाएं थपेड़ों की शक्ल ले लेंगी, जिससे दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है।
मान सरकार का बड़ा फैसला: सरकारी दफ्तरों का बदला समय, चंडीगढ़ में 30 जून तक स्कूल बंद
गर्मी के इस जानलेवा होते रूप को देखते हुए पंजाब सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम जनता और कर्मचारियों की सहूलियत के मद्देनजर राज्य के सरकारी दफ्तरों और स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव का एलान किया है। सीएम मान ने साफ कहा कि इस जानलेवा धूप में बच्चों और आम लोगों की सेहत को ताक पर नहीं रखा जा सकता। उधर, चंडीगढ़ प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाते हुए आज से ही 30 जून तक के लिए सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी है।
जरूरत की खबर: 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा पारा, कहीं ब्लास्ट न हो जाए
आपका मोबाइलइस चिलचिलाती गर्मी में सिर्फ इंसानी शरीर ही नहीं, बल्कि जेब में रखा आपका स्मार्टफोन और लैपटॉप भी हांफने लगा है। जब बाहर का तापमान 45 डिग्री को पार करता है, तो लिथियम-आयन बैटरी वाले गैजेट्स तेजी से ओवरहीट होने लगते हैं। इससे न सिर्फ फोन की परफॉर्मेंस धीमी होती है, बल्कि बैटरी फूलने या अचानक डिवाइस बंद होने का खतरा बढ़ जाता है। टेक एक्सपर्ट्स की सलाह है कि इस मौसम में गाड़ियों के डैशबोर्ड पर सीधे धूप में फोन कभी न छोड़ें, भारी गेमिंग से बचें और चार्जिंग के वक्त फोन का कवर हटा दें ताकि हीट आसानी से बाहर निकल सके।