Search

Punjab Weather Update: पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम का बड़ा बदलाव, अगले 3 दिन तक बारिश और आंधी का अलर्ट जारी

Mar 28, 2026 10:32 AM

Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में 28 मार्च से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों के लिए बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटों में तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस आनंदपुर साहिब में रिकॉर्ड किया गया है।

10 जिलों में तेज आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज पंजाब के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 10 जिलों में तेज हवाओं और आंधी का विशेष अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला शामिल हैं, जहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

पश्चिमी विक्षोभ बना बदलाव की वजह

मौसम में इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ मुख्य कारण बताया जा रहा है। वर्तमान में यह ऊपरी हवा में ट्रफ के रूप में सक्रिय है, जो जमीन से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 76°E और 32°N के आसपास स्थित है। इसके अलावा एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी ईरान और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती सिस्टम के रूप में विकसित हो रहा है।

अगले दिनों में बारिश का सिलसिला

मौसम विभाग के अनुसार 28 मार्च से 2 अप्रैल तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। जबकि 29 और 30 मार्च को कुछ इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

तापमान में आएगा उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि फिर से गिरावट दर्ज होने की संभावना है। इस पूरे सप्ताह तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने 28 मार्च को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं 29 और 30 मार्च को हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिसमें झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!