Search

Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में तेज आंधी-बारिश से हालात बिगड़े, गाड़ियों पर दीवार और पेड़ गिरे,कई जिलों में अलर्ट जारी

May 04, 2026 11:20 AM

Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में सोमवार सुबह अचानक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब चंडीगढ़, जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, मोहाली और आनंदपुर साहिब सहित कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी चली। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ और दीवारें गिर गईं, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा और कई इलाकों में 3 से 5 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

मोहाली के फेज-6 इलाके में आंधी इतनी तेज थी कि पेड़ गिरने से कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। यहां तक कि छतों पर रखी पानी की टंकियां भी उड़ गईं। फरीदकोट के कोटकपूरा स्थित पुरानी अनाज मंडी में धार्मिक कार्यक्रम के लिए लगाए गए टेंट तेज हवा के कारण गिर गए। चंडीगढ़ के सेक्टर 43, 37 और मलोया क्षेत्रों में भी पेड़ गिरने से गाड़ियों को नुकसान हुआ, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज , मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के आठ जिलों में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों में यह अलर्ट लागू है उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर और रूपनगर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

शुक्रवार को फरीदकोट में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और फाजिल्का में 39.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बठिंडा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 40.2 डिग्री पहुंच गया। चंडीगढ़ में 36.2 डिग्री, अमृतसर में 37.1 डिग्री और लुधियाना में 38.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। लुधियाना में तापमान में सबसे ज्यादा 2.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि फरीदकोट और फाजिल्का में भी 2-2 डिग्री की वृद्धि देखी गई।

पश्चिमी विक्षोभ से बना मौसम का असर

मौसम विभाग के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। इसके साथ ही उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती सिस्टम का भी असर देखा जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के ऊपर बना एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ चुका है, लेकिन उसके प्रभाव से अभी भी बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। चार और पांच मई को कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और ओले गिरने की संभावना है। छह मई को भी कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने सात और आठ मई को भी बारिश की संभावना जताई है, जिससे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!