Search

Punjab Weather Update: आज साफ रहेगा मौसम, दिन में खिलेगी धूप, गर्मी बढ़ने के आसार, तापमान में बढ़ोतरी

Apr 12, 2026 10:27 AM

Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में 13 अप्रैल को मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे दिन में तेज धूप खिलेगी और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीती रात हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से सटे पठानकोट सहित कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई, लेकिन अब मौसम साफ हो गया है और दिन में हवाएं चलने की संभावना है।

तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज

पिछले दिन की तुलना में तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, हालांकि यह अभी भी सामान्य से करीब तीन डिग्री नीचे बना हुआ है। पटियाला में राज्य का सबसे अधिक तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है।

किसी जिले के लिए अलर्ट नहीं

चंडीगढ़ मौसम विभाग ने 13 अप्रैल के लिए किसी भी जिले में कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया है। साफ मौसम और शुष्क परिस्थितियों के चलते लोगों को दिन में गर्मी का असर महसूस होगा, लेकिन फिलहाल किसी तरह की चेतावनी नहीं दी गई है।

अब तेजी से बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में पंजाब में तापमान लगातार बढ़ेगा और यह 32 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूरे राज्य में गर्मी बढ़ेगी, लेकिन अमृतसर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मूनक और मानसा जैसे इलाकों में तापमान में अधिक तेजी से वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।

15 अप्रैल से नया विक्षोभ सक्रिय

उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 120 नॉट की रफ्तार से उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है। इसके साथ ही 15 अप्रैल से एक नया और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे हल्के बादल और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है।

अगले सात दिन अहम

मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले दो दिनों तक 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आने वाले सात दिनों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और अधिक बढ़ेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!