Punjab Weather Update: पंजाब में अभी मौसम की स्थिति सामान्य, 11 से फिर बारिश-आंधी का अलर्ट, आज साफ रहेगा मौसम
May 09, 2026 9:44 AMWeather Update: पंजाब राज्य में अभी सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। बठिंडा में सबसे अधिक 38.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा फाजिल्का में 36.3 डिग्री, फरीदकोट में 36 डिग्री, पठानकोट में 35.8 डिग्री और फिरोजपुर में 35.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहा, जबकि अमृतसर और पटियाला में 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लुधियाना में 33.5 डिग्री, गुरदासपुर में 34 डिग्री, मोहाली और होशियारपुर में 32.5 डिग्री तथा रूपनगर में 32.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। श्री आनंदपुर साहिब में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में तापमान करीब 2 डिग्री तक और बढ़ सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू
मौसम विभाग के मुताबिक पाकिस्तान के मध्य हिस्से और उससे सटे पंजाब तथा राजस्थान के ऊपर बना चक्रवाती सिस्टम अभी सक्रिय है। इसके साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसी सिस्टम के कारण उत्तर भारत के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।
विभाग ने बताया कि 10 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में फिर से मौसम करवट लेगा। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
11 मई से यलो अलर्ट लागू
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 11 मई के लिए पंजाब के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है।
12 मई को भी इन जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। विभाग ने गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की अपील की है।
तापमान में फिर गिरावट संभव
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, लेकिन इसके बाद बारिश और तेज हवाओं के असर से तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
पिछले कुछ दिनों में पंजाब और चंडीगढ़ में हुई बारिश और आंधी के कारण पहले ही तापमान सामान्य से नीचे पहुंच चुका है। मौसम विभाग का मानना है कि मई के दूसरे सप्ताह में भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और कई जिलों में बीच-बीच में बारिश होती रह सकती है।