Punjab Weather Update: पंजाब में आज से 4 दिनों का यलो अलर्ट, कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
Jun 01, 2026 10:27 AM
पंजाब। मई-जून के महीने में जहां पंजाब की धरती आग उगलती थी, वहीं इस बार कुदरत मेहरबान नजर आ रही है। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से जूझने वाले पंजाब के लोगों को फिलहाल इस सीजन में राहत का दौर जारी रहने वाला है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार से अगले चार दिनों के लिए सूबे के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और झमाझम बारिश का यलो अलर्ट जारी कर दिया है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते इस पूरे हफ्ते पंजाब के लोगों को सूरज की तपिश परेशान नहीं करेगी।
न्यूनतम पारे में गिरावट, रातें हुईं और ठंडी
मौसम के बदले रुख के कारण पंजाब के न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की और गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट के बाद सूबे की रातें सामान्य के मुकाबले करीब 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक ठंडी हो गई हैं। मालवा के बठिंडा जिले में कुदरत का अनोखा रंग देखने को मिल रहा है। यहां रात का पारा लुढ़ककर सीधे 18 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम है। हालांकि, रविवार को दिनभर मौसम शुष्क रहने की वजह से सूबे के औसतन अधिकतम तापमान में 4.8 डिग्री की बढ़ोतरी जरूर देखी गई, पर यह अब भी सामान्य से 7.8 डिग्री नीचे है।
आज इन 10 जिलों में चलेगी आंधी, मांझा में बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार सोमवार को मांझा के चार प्रमुख जिलों—पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके अलावा, मौसम विभाग ने इन चार जिलों समेत मालवा और सीमावर्ती बेल्ट के कुल 10 जिलों में तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। आंधी की जद में आने वाले अन्य जिलों में फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा शामिल हैं, जहां धूलभरी हवाएं आम जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं।
मंगलवार को पूरे सूबे में बिगड़ेगा मिजाज, संभलकर रहने की सलाह
राहत की यह बौछारें मंगलवार को और व्यापक रूप ले लेंगी। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मंगलवार को लगभग पूरा पंजाब ही इस मौसमी बदलाव की चपेट में रहेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से हवाएं चलेंगी और साथ में अच्छी बारिश होगी। इस दौरान अमृतसर में अधिकतम पारा 33.5 डिग्री, लुधियाना में 31.8 डिग्री और पटियाला में 32.0 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों ने खराब मौसम को देखते हुए किसानों को कटी हुई फसल और मंडियों में पड़े अनाज को सुरक्षित रखने तथा आम लोगों को आंधी के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी है।