पंजाब में बदले मौसम के मिज़ाज: 13 जिलों में आंधी-ओलावृष्टि का अलर्ट, चंडीगढ़ में चल रही ठंडी हवाएं
Apr 07, 2026 4:05 PMWeather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में 7 अप्रैल को मौसम में अचानक बदलाव दर्ज किया गया, जहां मोहाली और जालंधर समेत कई शहरों में बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं। चंडीगढ़ में दिनभर ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट महसूस की गई। आंधी के कारण राज्य के कई जिलों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी करते हुए बताया था कि 7 और 8 अप्रैल को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है।
13 जिलों में अलर्ट, कई शहर प्रभावित
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 13 जिलों में आंधी और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है। नवांशहर, कपूरथला, लुधियाना, पटियाला और संगरूर सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तापमान में बदलाव और मौसमी असर
राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह सामान्य से 1.6 डिग्री कम बना हुआ है। अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तेज हवाओं और बारिश के चलते वातावरण ठंडा हो गया है। कई इलाकों में बिजली गुल होने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव आया है। यह सिस्टम ऊपरी हवा में चक्रवातीय गतिविधि पैदा कर रहा है और 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर ट्रफ बनने से मौसम और अस्थिर हो गया है। इसके प्रभाव से पंजाब के अधिकांश जिलों में बारिश, तेज हवाएं और बादल छाए हुए हैं।
फसलों पर पड़ सकता है असर
इस मौसम बदलाव का असर कृषि पर भी पड़ सकता है। तेज हवाएं और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका जताई गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही कह चुके हैं कि खराब मौसम के कारण कई जगह फसलों को नुकसान हुआ है और इसके लिए गिरदावरी कराकर किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद मौसम शुष्क हो जाएगा। तापमान अगले 24 घंटे स्थिर रहेगा, फिर 48 घंटों में 4 से 5 डिग्री गिरावट के बाद दोबारा बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।