Search

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का रोहतक PGI में छापा, गंदगी और अव्यवस्था देख अधिकारियों को लताड़ा

Apr 04, 2026 5:43 PM

रोहतक।  हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव शनिवार को अचानक रोहतक पीजीआई (PGI) जा पहुंचीं। मंत्री के इस सरप्राइज विजिट ने अस्पताल प्रशासन के हाथ-पांव फुला दिए। जैसे ही आरती राव परिसर में दाखिल हुईं, उन्हें चारों तरफ अव्यवस्थाओं का अंबार नजर आया। सबसे पहले उनकी नजर रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लगी लंबी-लंबी कतारों पर पड़ी, जहां घंटों से मरीज अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। मंत्री ने बिना देर किए अधिकारियों को आड़े हाथों लिया और मौके पर ही अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन विंडो खुलवाकर मरीजों को राहत दी। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जनता को परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दवाइयों की कमी पर सवाल: "जब सरकार दे रही है, तो मरीजों तक क्यों नहीं पहुंच रही?"

निरीक्षण के दौरान मरीजों ने स्वास्थ्य मंत्री के सामने दवाइयों की किल्लत का मुद्दा भी उठाया। मरीजों का आरोप था कि उन्हें अस्पताल के बजाय बाहर से दवाइयां और सर्जिकल सामान खरीदना पड़ रहा है। इस पर मंत्री ने अस्पताल प्रशासन से तीखे सवाल पूछे। उन्होंने कहा, "जब हरियाणा सरकार 540 तरह की दवाइयां मुफ्त उपलब्ध करवा रही है, तो फिर आपूर्ति में बाधा क्यों आ रही है?" आरती राव ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश देते हुए यह स्पष्ट करने को कहा है कि गलती अस्पताल प्रशासन की डिमांड में है या विभाग की ओर से सप्लाई में देरी हो रही है।

शौचालयों में गंदगी देख भड़कीं मंत्री, ऑपरेशन में देरी की भी होगी जांच

अस्पताल की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं की हकीकत भी मंत्री के सामने खुल गई। शौचालयों की बदहाली और गंदगी देख आरती राव ने मौके पर मौजूद अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था को 24 घंटे के भीतर दुरुस्त किया जाए। इसके अलावा, ऑपरेशन के लिए लंबी तारीखें मिलने और खून की जांच में हो रही देरी की शिकायतों पर भी मंत्री ने संबंधित विभागाध्यक्षों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले हर गरीब मरीज को वीआईपी ट्रीटमेंट मिलना चाहिए, न कि उसे धक्के खाने पड़ें।

डॉक्टरों की कमी होगी दूर: 450 पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती

औचक निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने एक बड़ी राहत भरी खबर भी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार 450 नए डॉक्टरों की भर्ती करने जा रही है। इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और भर्ती की फाइल संबंधित विभाग को भेजी जा चुकी है। आरती राव ने आश्वासन दिया कि आने वाले कुछ महीनों में अस्पतालों में स्टाफ की कमी को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि खट्टर-सैनी सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है और इसमें कोताही बरतने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!