रोहतक: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में 'स्पेशल ओलंपिक भारत राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप' का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने न केवल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं।
दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए बनेगा अत्याधुनिक आवासीय स्टेडियम
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सुगम्य भारत' अभियान को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में एक समर्पित दिव्यांग स्टेडियम बनाने की घोषणा की। इस स्टेडियम की खास बात यह होगी कि इसमें खिलाड़ियों के रहने के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने खेल को बढ़ावा देने के लिए अनुदान की घोषणा की। स्पेशल ओलंपिक भारत के लिए 31 लाख रुपये, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की ओर से 21 लाख रुपये दिया जायेगा ।
"सीमाएं शरीर में नहीं, सोच में होती हैं"
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "स्पेशल ओलंपिक हमें खेल को पदक की दृष्टि से नहीं, बल्कि मानव आत्मा की शक्ति के रूप में देखने का नजरिया देता है। मैदान पर पसीना बहाते ये खिलाड़ी संदेश देते हैं कि यदि सही अवसर और प्रशिक्षण मिले, तो हर व्यक्ति असाधारण बन सकता है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि असली सीमाएं शरीर में नहीं, बल्कि हमारी सोच में होती हैं।
खेल बुनियादी ढांचे और बजट में भारी बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने पिछले 11 वर्षों के विकास कार्यों का लेखा-जोखा साझा करते हुए बताया कि विभाग का बजट 2014-15 के 275 करोड़ रुपये से बढ़ाकर अब 602.18 करोड़ रुपये कर दिया गया है। पिछले 11 सालों में खेल सुविधाओं पर 989 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। राज्य में वर्तमान में 21 जिला स्टेडियम, 163 राजीव गांधी ग्रामीण खेल परिसर और 382 इंडोर जिम संचालित है। प्रदेश में 1,472 खेल नर्सरियां चल रही हैं, जहाँ 37,000 से अधिक बच्चों को मासिक वजीफा (1500 से 2000 रुपये) दिया जा रहा है।
महिला खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स हॉस्टल का शिलान्यास
इससे पहले मुख्यमंत्री ने MDU के अभिलाषा कन्या छात्रावास परिसर में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गर्ल्स स्पोर्ट्स हॉस्टल का शिलान्यास किया। यह बहुमंजिला हॉस्टल 150 छात्राओं की क्षमता वाला होगा और लगभग 2374 वर्ग मीटर में फैला होगा।