Search

रोहतक में सनसनी: 14 साल के छात्र ने पिता की सरकारी रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली

May 13, 2026 10:24 AM

रोहतक। रोहतक के डीघल गांव में मंगलवार शाम खुशियां उस वक्त चीखों में तब्दील हो गई, जब घर के अंदर से रिवॉल्वर चलने की गूंज सुनाई दी। गृह मंत्रालय में कार्यरत सतीश कुमार के 14 साल के बेटे जनक ने अपने ही पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

जिस उम्र में बच्चे अपने भविष्य के सपने बुनते हैं, उस उम्र में जनक ने मौत को गले क्यों लगाया, यह सवाल अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के वक्त घर में उसकी दादी और मां मौजूद थीं, जबकि पिता ड्यूटी पर दिल्ली में थे।

कनपटी पर सटाकर मारी गोली, अस्पताल पहुंचने तक खत्म थी सांसें

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम जब घर के अन्य सदस्य अपने कामों में व्यस्त थे, तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। लहूलुहान जनक जमीन पर पड़ा था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव इतना गहरा था कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सतीश कुमार, जो दिल्ली में डाटा एंट्री ऑपरेटर हैं, उन्हें जैसे ही इस अनहोनी की सूचना मिली, वे सुध-बुध खो बैठे। घर में इकलौते चिराग के इस तरह बुझ जाने से परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस और FSL टीम ने खंगाला मौका-ए-वारदात

मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतक के पुलिस अधीक्षक (SP) खुद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ डीएसपी, एसएचओ और फोरेंसिक (FSL) एक्सपर्ट्स की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर एक बच्चे के हाथ तक लोडेड रिवॉल्वर कैसे पहुंची और क्या वह किसी मानसिक दबाव में था। फिलहाल परिजनों के बयानों में किसी भी तरह की अनबन या परेशानी की बात सामने नहीं आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से तफ्तीश की जा रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!