Rohtak News: ऑनलाइन गेम में हारे पैसे तो बीकॉम का छात्र बना हथियारों का कूरियर बॉय, रोहतक में विदेशी पिस्टल के साथ अरेस्ट
Jun 19, 2026 3:49 PM
रोहतक। रोहतक में अपराध और सट्टेबाजी का एक ऐसा हैरान करने वाला गठजोड़ सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन के भी कान खड़े कर दिए हैं। रोहतक सीआईए की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर विदेशी हथियारों की खेप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि बीकॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा छात्र है। पुलिस ने जब इसकी कुंडली खंगाली तो पता चला कि यह लड़का ऑनलाइन गेमिंग (सट्टेबाजी) के दलदल में इस कदर धंस चुका था कि अपना कर्ज उतारने के लिए उसने विदेशी ऑपरेटरों के इशारे पर हथियारों की तस्करी शुरू कर दी।
कूरियर बॉय की तरह करता था हथियारों की सप्लाई, मिलते थे लाखों
मामले का खुलासा करते हुए रोहतक के एसपी गौरव राजपुरोहित ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान जनता कॉलोनी के रहने वाले कृत के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक चाइनीज पिस्टल और एक अन्य विदेशी हथियार समेत 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कृत इन हथियारों को किसी बड़ी वारदात के लिए ठिकाने लगाने जा रहा था। पूछताछ में सामने आया है कि विदेशी ऑपरेटर्स के चंगुल में फंसने के बाद उसे सिर्फ हथियारों को एक जगह से उठाकर दूसरी जगह डिलीवर करने का काम सौंपा गया था। इस 'खतरनाक कूरियर' के काम के बदले उसे हर चक्कर के करीब एक लाख रुपये मिलते थे। वह अब तक 20 से अधिक बार हथियारों की ऐसी ही खेप इधर से उधर पहुंचा चुका है।
दो विदेशी नंबरों से आता था मैसेज, मां को भनक तक नहीं
एसपी ने बताया कि आरोपी के पास से दो वीआईपी विदेशी नंबर मिले हैं, जिनके जरिए वह टेलीग्राम या अन्य सुरक्षित चैटिंग ऐप्स पर विदेश में बैठे गैंगस्टर्स से निर्देश लेता था। फोन पर मैसेज आते ही वह तय लोकेशन से हथियार उठाता और अगला मैसेज आने तक उन्हें छिपाकर रखता था। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी की मां एक सरकारी महकमे में चतुर्थ श्रेणी (फोर्थ क्लास) कर्मचारी हैं। सीधे-साधे माता-पिता को इस बात की भनक तक नहीं थी कि उनका बेटा पढ़ाई छोड़ जुर्म की इस काली दुनिया में कदम रख चुका है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जमानत देने वालों पर रहेगी पैनी नजर, रिमांड पर पूछताछ जारी
पुलिस कप्तान गौरव राजपुरोहित ने दोटूक लहजे में कहा कि अब पुलिस ऐसे गंभीर मामलों में आरोपियों की कोर्ट से जमानत करवाने वाले 'जमानतियों' पर भी विशेष नजर रखेगी। उनकी पृष्ठभूमि की जांच की जाएगी कि कहीं वे भी इस सिंडिकेट का हिस्सा तो नहीं हैं। कृत को दो दिन के रिमांड पर लेकर यह पता लगाया जा रहा है कि सीमा पार से ये हथियार भारत में किस रास्ते से आ रहे हैं और हरियाणा में इन्हें कौन से बदमाश खरीद रहे थे।
आर्म्स एक्ट में रोहतक पुलिस की बड़ी कार्रवाई
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी ने साल 2025 और 2026 के तुलनात्मक आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने बताया कि पुलिस अवैध हथियारों के खिलाफ बेहद आक्रामक रूप से काम कर रही है। जहां साल 2025 में आर्म्स एक्ट के तहत 66 मामले दर्ज कर 76 हथियार और 106 गोलियां पकड़ी गई थीं, वहीं मौजूदा साल 2026 में अब तक रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाई हुई है। पुलिस इस साल अब तक 68 केस दर्ज कर 125 अवैध हथियार और 514 कारतूस बरामद कर चुकी है।