Search

रोहतक में सनसनी: शराब ठेकेदार विकास की हत्या, पिता से फोन पर कहा— 'आलोक ने मार दी गोली'

Apr 11, 2026 3:02 PM

रोहतक। सोनीपत रोड पर स्थित भालौठ गांव के स्टेडियम के पास वीरवार रात करीब 12:30 बजे मौत का तांडव हुआ। बताया जा रहा है कि विकास अपने कुछ साथियों के साथ कार में बैठा था, तभी गांव का ही आलोक अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचा। पहले उनके बीच बातचीत हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। हमलावरों ने आव देखा न ताव और विकास पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। कुल 9 राउंड फायरिंग हुई, जिनमें से 7 गोलियां विकास के शरीर के आर-पार हो गईं।

वेंटिलेटर पर टूटी सांसें: आखिरी कॉल में खोला राज

हमले के तुरंत बाद विकास के दोस्त सूरज ने उसके पिता रमेश को फोन कर वारदात की जानकारी दी। जब पिता की बात विकास से कराई गई, तो लहूलुहान हालत में विकास ने बस इतना कहा— "पापा, मुझे गांव के ही आलोक ने गोली मार दी है, उसके साथ और भी लड़के थे।" यह विकास के आखिरी शब्द साबित हुए। उसे पहले पीजीआई और फिर निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार दोपहर 2 बजे उसने दम तोड़ दिया।

शराब ठेका और 'बदमाशी' का पुराना इतिहास

विकास उर्फ नारद का खुद का इतिहास भी विवादों से भरा रहा है। मई 2025 में उसने भालौठ के एक शराब ठेके पर फायरिंग की थी और सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर सुर्खियां बटोरी थीं। उस वीडियो में उसने चुनौती देते हुए कहा था कि "प्रशासन से बड़ा कोई बदमाश नहीं होता।" इस मामले में उसे हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया था और वह 17 फरवरी 2026 को ही जेल से बाहर आया था। पिछले दो महीनों से आलोक के साथ उसकी खींचतान चल रही थी, जिसका अंजाम इस खूनी वारदात के रूप में सामने आया।

इकलौते बेटे की मौत से घर में पसरा सन्नाटा

24 वर्षीय विकास अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत ने बूढ़े पिता रमेश, मां और दादी को उम्र भर का गम दे दिया है। बहन की शादी हो चुकी है और घर की पूरी जिम्मेदारी विकास पर ही थी। शुक्रवार को जब उसका शव घर पहुंचा, तो पूरे गांव में मातम छा गया। पिता इस समय कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

कार के भीतर मिले साक्ष्य, पुलिस की तीन टीमें गठित

एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया ने मौके का मुआयना किया। विकास की कार की ड्राइविंग सीट खून से सनी मिली। कार के भीतर बीयर की केन, सिगरेट की डिब्बी और खाने-पीने का सामान मिला है, जिससे अंदेशा है कि हमले से पहले वहां किसी तरह की बैठक या पार्टी चल रही थी। डीएसपी सांपला राकेश मलिक ने बताया कि मुख्य आरोपी आलोक की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस इस मामले को गैंगवार और पुरानी रंजिश के एंगल से देख रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!