रोहतक मर्डर केस: सुनारिया जेल रोड पर शराब पार्टी के बाद युवक की हत्या
May 06, 2026 10:55 AM
रोहतक। हरियाणा के रोहतक में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे हत्या के बाद शव के साथ दरिंदगी करने से भी बाज नहीं आ रहे। बुधवार सुबह सुनारिया जेल रोड उस वक्त छावनी में तब्दील हो गया, जब राहगीरों ने मीट मार्केट के पास एक युवक का खून से लथपथ शव देखा।
मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई। लगभग 25 साल के इस युवक की न केवल बेरहमी से गला काटकर हत्या की गई थी, बल्कि हत्यारों ने हैवानियत दिखाते हुए उसका पेट चीरकर आंतड़ियां तक शरीर से बाहर निकाल दी थीं।
शराब पार्टी के बाद वारदात की आशंका, मौके पर मिले कई सुराग
घटना की सूचना मिलते ही शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस और एएसपी आयुष यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में घटनास्थल पर शराब की बोतलें, नमकीन के पैकेट और अन्य खाने-पीने का सामान बिखरा मिला है।
इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि कातिल और मृतक आपस में परिचित हो सकते हैं और रात के समय यहां शराब पार्टी की गई होगी। शराब के नशे में हुई किसी कहासुनी के बाद इस वीभत्स हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। एफएसएल एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं ताकि कातिलों तक पहुंचा जा सके।
शिनाख्त में जुटी पुलिस, पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया शव
वारदात की गंभीरता को देखते हुए शिवाजी थाना प्रभारी राकेश सैनी और अनाज मंडी चौकी प्रभारी निकेश अहलावत इलाके के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। हालांकि, काफी कोशिशों के बाद भी फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने आसपास के थानों में युवक का हुलिया और फोटो भेज दी है ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई के डेड हाउस में रखवा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद ही हत्या की वजह साफ हो पाएगी, लेकिन जिस तरह से पेट को चीरा गया है, वह किसी पुरानी और गहरी रंजिश की ओर इशारा कर रहा है।