Search

रोहतक में सनसनीखेज मर्डर: संगीत समारोह में जाना भाभी को पड़ा भारी, जेठ ने उतारा मौत के घाट

Apr 20, 2026 12:42 PM

रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले के गांव रिठाल में रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक शख्स ने अपनी ही सगी भाभी को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया क्योंकि वह उसकी मर्जी के खिलाफ एक संगीत समारोह में शामिल होने गई थी।

मृतका की पहचान 39 वर्षीय प्रवेश के रूप में हुई है। वारदात उस समय हुई जब प्रवेश का पति सुखबीर अपनी बीमार मां को लेकर इलाज के लिए पीजीआई रोहतक गया हुआ था। घर के सन्नाटे और छोटे भाई की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर आरोपी जेठ जसबीर ने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया।

कहासुनी के बाद हैवान बना जेठ, पीजीआई में तोड़ा दम

मिली जानकारी के अनुसार, प्रवेश जब समारोह से वापस घर लौटी, तो जेठ जसबीर ने उसे खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि जसबीर आपा खो बैठा और घर में रखे तेजधार हथियार से प्रवेश पर टूट पड़ा। उसने प्रवेश के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ प्रहार किए।

चीख-पुकार सुनकर जब तक परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, प्रवेश खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर चुकी थी। आनन-फानन में उसे पीजीआई रोहतक ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।

आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी

सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को देर रात अस्पताल से सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे की वजह घरेलू विवाद और महिला का बाहर जाना था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

वारदात के बाद से आरोपी जसबीर फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। रिठाल गांव में इस घटना के बाद से ही मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!