Search

सहारनपुर में मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल महिला 28 लाख रुपये की स्मैक के साथ गिरफ्तार

Feb 13, 2026 11:14 AM

सहारनपुर: सहारनपुर जिले में थाना मिर्जापुर पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में कथित रूप से शामिल एक महिला को गिरफ्तार करके उसके पास से 28 लाख रुपये का स्मैक बरामद किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला के पास से 140 ग्राम अवैध स्मैक और 14,500 रुपये की नकदी के साथ एक बाइक बरामद की गई। अधिकारियों ने बरामद स्मैक का अनुमानित बाजार मूल्य 28 लाख रुपये बताया है। थाना मिर्जापुर के प्रभारी सुबे सिंह ने बताया कि मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत बृहस्पतिवार को यह गिरफ्तारी की गई। 


सिंह ने बताया कि नियमित जांच के दौरान स्थानीय निवासी एक महिला को शेरपुर पैलो मार्ग पर स्थित बिजलीघर के पास से पकड़ा गया। सिंह ने कहा कि आरोपी महिला की पहचान मिर्जापुर थाना के गांव मिर्जापुर पोल निवासी मेसर के रूप में हुई है जिसके पति का नाम शहजाद है। पुलिस ने बताया कि पकड़ी गई आरोपी महिला के साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति मौके से भागने में कामयाब हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपी महिला के विरुद्ध थाना मिर्जापुर में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि विधिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद गिरफ्तार महिला को सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!