Search

Sirsa Accident: सिरसा में नशेड़ी ड्राइवर का कहर, खाना खाकर टहल रहे परिवार को कुचला, महिला की मौत

Jun 03, 2026 12:12 PM

ऐलनाबाद। सिरसा के ऐलनाबाद क्षेत्र से एक बेहद दुखद और आक्रोशित करने वाली खबर सामने आई है। गांव तलवाड़ा खुर्द में सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे काल बनकर आई एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने टहलने निकले एक ही परिवार के पांच सदस्यों को बुरी तरह कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सीधे खेतों में जा घुसी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में 35 साल की महिला सोनू रानी की जान चली गई, जबकि उनकी दो मासूम बेटियां और रिश्तेदार जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रॉन्ग साइड से आई मौत: नशे में धुत्त प्रगट सिंह ने पार की हैवानियत की हदें

पुलिस को दिए गए बयान में पीड़ित जगमोहन कुमार ने उस खौफनाक मंजर की पूरी कहानी बयां की है। जगमोहन के मुताबिक, सोमवार की रात पूरा परिवार खाना खाने के बाद गांव की फिरनी (बाहरी सड़क) पर ठंडी हवा में टहल रहा था। जगमोहन के साथ उनकी पत्नी सोनू रानी, 14 वर्षीय बेटी पीहू, 8 वर्षीय बेटी सेजल, रिश्तेदार निधि और उसका 12 साल का बेटा पार्थ मौजूद थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक सफेद रंग की अर्टिगा कार गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से बेहद तेज रफ्तार में आई और सबको अपनी चपेट में ले लिया। कार चला रहा शख्स कोई और नहीं बल्कि गांव का ही प्रगट सिंह था, जो शराब के नशे में इस कदर धुत था कि उसे सामने सड़क पर चल रहे लोग तक दिखाई नहीं दिए।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, आरोपी को दबोचकर किया पुलिस के हवाले

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत खेतों और घरों से दौड़कर पहुंचे। गुस्साए ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे नशेड़ी चालक प्रगट सिंह को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। सूचना मिलते ही ऐलनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस ने पुख्ता कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी के खून और यूरिन के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि कोर्ट में उसका नशा प्रमाणित किया जा सके।

अस्पतालों में बिखरा परिवार, मासूम बेटियों की हालत बेहद नाजुक

हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को लहूलुहान हालत में ऐलनाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सोनू रानी को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर कर दिया। परिजनों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सिरसा के अलग-अलग निजी अस्पतालों में वेंटिलेटर और आईसीयू (ICU) सपोर्ट पर भर्ती कराया है। फिलहाल पीहू, निधि और पार्थ का इलाज चल रहा है, जबकि 8 साल की सेजल को मामूली चोटें होने के कारण छुट्टी दे दी गई है। इस घटना से पूरे गांव में मातम और प्रशासनिक ढील को लेकर गहरा गुस्सा है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!