Haryana News: सिरसा में सड़क हादसा, बाइक-कार की टक्कर में दो युवकों की मौत, एक घायल एम्स रेफर
Mar 16, 2026 4:23 PM
सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिले में डबवाली के गोरीवाला रोड पर रविवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद एम्स बठिंडा रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गोरीवाला से डबवाली की ओर लौट रहे थे। गांव मौजगढ़ और गोरीवाला के बीच पहुंचने पर उनकी बाइक की सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार से जोरदार टक्कर हो गई।
दोनों युवकों ने मौके पर तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और एंबुलेंस को बुलाया गया। घायल युवक को तुरंत उपमंडल नागरिक अस्पताल डबवाली पहुंचाया गया। डबवाली अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बठिंडा रेफर कर दिया।
शवों की नहीं हो पाई पहचान
मृतक युवकों के शवों को डबवाली के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक डबवाली की एक बेकरी में डिलीवरी का काम करते थे और मूलरूप से बिहार के रहने वाले थे।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचित करने का प्रयास कर रही है। हादसे के कारणों की भी गहनता से जांच की जा रही है।