Search

सिरसा में सफाई का काम करने वाली महिलाओं को बंधक बना करवाया देह व्यापार, होटल मालिक काबू

May 17, 2026 12:19 PM

सिरसा। सिरसा के रानियां रोड क्षेत्र में स्थित एक निजी होटल से इंसानियत को झकझोर देने वाली कहानी सामने आई है। ऑटो मार्केट के नजदीक रेलवे लाइन के पास स्थित 'ब्लू बेरी' होटल में पिछले चार-पांच महीनों से सफाई का काम कर रही दो महिलाओं ने अपनी आबरू और जान बचाने के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया। महिलाओं का आरोप है कि काम शुरू करने के कुछ दिन बाद ही होटल संचालक प्रिंस और उसकी पत्नी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। दोनों को होटल के एक हिस्से में बंधक बना लिया गया और वहां आने वाले ग्राहकों के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया जाने लगा।

विरोध करने पर मौत की धमकी और रसूखदारों का दबाव

पीड़िताओं ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि जब भी वे इस घिनौने काम का विरोध करती थीं, तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। इस पूरे काले कारोबार में तब एक नया मोड़ आया जब इस नेटवर्क को बचाने के लिए एक महिला यू-ट्यूबर भी कूद पड़ी। पीड़ितों के मुताबिक, वह महिला यू-ट्यूबर उन पर लगातार शिकायत वापस लेने और समझौता करने का चौतरफा दबाव बना रही थी। इतना ही नहीं, उसने पीड़ितों को ही झूठे मामले में फंसाने और पुलिस से जेल भिजवाने की धमकी तक दे डाली थी।

एसपी के निर्देश पर महिला थाना पुलिस की छापेमारी

आखिरकार किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर दोनों पीड़ित महिलाएं 14 मई को सीधे सिरसा के पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचीं। कप्तान ने महिलाओं की दर्दभरी दास्तां सुनने के बाद मामले को बेहद गंभीरता से लिया और महिला थाना प्रभारी को तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के आदेश मिलते ही महिला थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए होटल संचालक प्रिंस, उसकी पत्नी और दबंगई दिखाने वाली महिला यू-ट्यूबर समेत 4 नामजद आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

मुख्य आरोपी कोर्ट में पेश, अन्य की तलाश तेज

मुकदमा दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से रानियां रोड स्थित पुरानी भाखड़ा कॉटन मिल के पास का रहने वाला है और फिलहाल सिरसा की फ्रेंड्स कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी प्रिंस को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे गहन पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान इस देह व्यापार नेटवर्क से जुड़े अन्य रसूखदारों और ग्राहकों की कुंडली खंगाल रही है, साथ ही फरार महिला यू-ट्यूबर और होटल संचालक की पत्नी की गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!