Haryana Crime : सिरसा में साथ बैठकर पी शराब, फिर ईंट मारकर दोस्त को उतारा मौत के घाट
Apr 30, 2026 1:51 PM
सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले से रिश्तों और दोस्ती को कलंकित करने वाली एक बेहद खौफनाक खबर सामने आई है। यहाँ एक इंटरलॉक फैक्ट्री में साथ काम करने वाले दो दोस्तों के बीच शराब के दौर में शुरू हुई मामूली बहस ने खूनी मोड़ ले लिया। एक 'दोस्त' ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही साथी के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत की नींद सुला दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।
शराब के नशे में बिगड़ी बात
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात सुरतिया इंटरलॉक फैक्ट्री परिसर की है। यहाँ उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले का निवासी देवेंद्र सिंह अपने साथी रवि सिंह के साथ मजदूरी करता था। बुधवार की रात दोनों फैक्ट्री के कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। बताया जा रहा है कि नशे की हालत में किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बात गाली-गलौज तक पहुँची और देखते ही देखते रवि के सिर पर खून सवार हो गया। उसने पास ही पड़ी एक भारी ईंट उठाई और देवेंद्र के सिर पर दे मारी। चोट इतनी गंभीर थी कि देवेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सुबह खुला खौफनाक मंजर
कत्ल की इस वारदात का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ। जब फैक्ट्री के अन्य कर्मचारी रोजाना की तरह काम पर पहुँचे और देवेंद्र के कमरे की ओर गए, तो अंदर का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था और देवेंद्र का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। आरोपी रवि वहां से गायब था, जिसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत फैक्ट्री मालिक और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की जांच और कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद और नशे में की गई हत्या का लग रहा है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी रवि सिंह के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सिरसा पुलिस का दावा है कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।