Search

सिरसा बिजली हादसा: कालांवाली में ट्रांसफार्मर फटा, शहर की बिजली गुल, एक झुलसा

Mar 28, 2026 12:59 PM

सिरसा। सिरसा जिले के कालांवाली शहर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन एक बेकसूर व्यक्ति इसकी चपेट में आने से नहीं बच सका। शहर की सबसे व्यस्त 'डॉक्टर मार्केट' के पास मुख्य सड़क पर लगे एक बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। चश्मदीदों के मुताबिक, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेल के रिसाव के कारण लपटें आसमान छूने लगीं। इस भयानक दृश्य को देख आसपास के दुकानदारों ने आनन-फानन में शटर नीचे गिरा दिए और फास्ट फूड की रेहड़ियां लगाने वाले लोग अपना सामान छोड़कर दूर भाग खड़े हुए।

रूह कंपा देने वाला मंजर: लपटों के बीच फंसी व्हीलचेयर

हादसा उस वक्त और भी दर्दनाक हो गया जब पता चला कि ट्रांसफार्मर के ठीक नीचे व्हीलचेयर पर बैठा एक साधु (जो शहर में मांगकर गुजारा करता है) आग के घेरे में फंस गया है। चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण वह खुद को बचाने की स्थिति में नहीं था। आग की तपिश और लपटों ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। तभी मौके पर मौजूद कुछ जांबाज राहगीरों ने हिम्मत दिखाई और जलते हुए ट्रांसफार्मर के पास जाकर उस व्यक्ति को खींचकर बाहर निकाला। सहारा क्लब की एंबुलेंस के जरिए उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सिरसा रेफर कर दिया।

घंटों की मशक्कत के बाद बुझी आग, शहर में छाया अंधेरा

घटना की सूचना मिलते ही बिजली निगम और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड या तकनीकी खराबी के कारण ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट हुआ होगा। हालांकि, इस हादसे ने बिजली निगम के रखरखाव के दावों की पोल खोल दी है।

बाजार में दहशत, पहचान की कोशिश जारी

हादसे में झुलसे व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है और पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। डॉक्टर मार्केट के दुकानदारों का कहना है कि यह व्यस्त इलाका है और यहां अक्सर ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलती रहती हैं, जिसकी शिकायत पहले भी की गई थी। इस अग्निकांड के कारण शहर के एक बड़े हिस्से में घंटों बिजली गुल रही, जिससे कारोबारी गतिविधियों पर भी असर पड़ा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!