Search

सिरसा पुलिस की बड़ी कामयाबी: 45 लाख का डोडा पोस्त बरामद, झारखंड से पंजाब जा रहा था कैंटर

Apr 17, 2026 1:12 PM

सिरसा। नशा तस्करी के खिलाफ हरियाणा पुलिस का अभियान रंग लाता दिख रहा है। सिरसा पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर हाईवे पर नाकेबंदी कर नशे की एक बड़ी खेप को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। सीआईए सिरसा की टीम जब एनएच-9 पर डिंग क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी फतेहाबाद की ओर से आ रहे एक संदिग्ध लाल रंग के कैंटर ने पुलिस का ध्यान खींचा। जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक सकपका गया, जिसके बाद गहनता से तलाशी ली गई तो कैंटर के भीतर सफेद कट्टों का जखीरा मिला।

297 किलो नशा और 45 लाख की कीमत

डीएसपी अर्शदीप सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान प्लास्टिक के 12 कट्टे बरामद हुए। जब इन्हें खोलकर देखा गया तो पुलिस की आंखें फटी रह गईं। इनमें कुल 297 किलो 70 ग्राम डोडा चूरा पोस्त भरा हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर कैंटर चालक मेजर सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पंजाब के मुक्तसर साहिब जिले का रहने वाला है।

रांची से सिरसा तक फैला तस्करी का जाल

प्रारंभिक पूछताछ में जो सच सामने आया है, उसने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। गिरफ्तार आरोपी मेजर सिंह ने कबूला है कि वह यह नशा झारखंड के रांची क्षेत्र से लेकर आया था। नशे की इस बड़ी खेप को सिरसा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में छोटे तस्करों को सप्लाई किया जाना था। नशा तस्करी का यह 'झारखंड-हरियाणा-पंजाब' कनेक्शन पुलिस के लिए जांच का नया विषय बन गया है।

रिमांड पर खुलेगा नेटवर्क का कच्चा चिट्ठा

डीएसपी अर्शदीप सिंह के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। पुलिस का मुख्य मकसद उस मुख्य सरगना तक पहुंचना है, जिसने रांची में यह माल लोड करवाया था और सिरसा में इसे रिसीव करने वाले स्थानीय संपर्कों की पहचान करना है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में इस नशा नेटवर्क से जुड़े कई और सफेदपोश चेहरों का बेनकाब होना तय है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!