Search

Google Maps new features: कमाल का गूगल मैप्स, बिना इंटरनेट के भी दिखाएगा रास्ता

Jun 17, 2026 11:49 AM

टेक्नोलॉजी। तकनीक के इस दौर में सफर पर निकलने से पहले मोबाइल स्क्रीन पर उंगलियां घुमाना हमारी आदत बन चुका है। इसी कड़ी में गूगल मैप्स ने खुद को इस कदर अपग्रेड कर लिया है कि यह अब महज एक नेविगेशन टूल नहीं रह गया। बीते कुछ समय में ऐप के भीतर कई ऐसे बेजोड़ और बेहद व्यावहारिक फीचर्स जोड़े गए हैं, जिन्होंने आम आदमी की यात्रा को न सिर्फ सुरक्षित बनाया है बल्कि जेब और समय दोनों की बचत भी सुनिश्चित की है। भीड़-भाड़ से बचने से लेकर अनजान शहरों में गाड़ी पार्क करने जैसी रोजमर्रा की उलझनों का तोड़ अब इस ऐप में मौजूद है।

नेटवर्क गायब, फिर भी काम करेगा नेविगेशन

सफर के दौरान अक्सर नो-नेटवर्क जोन या दूर-दराज के इलाकों में इंटरनेट धोखा दे जाता है। इस समस्या से निपटने के लिए गूगल का 'ऑफलाइन मैप्स' फीचर किसी वरदान से कम नहीं है। यूज़र्स अपनी प्रोफाइल फोटो पर टैप कर 'ऑफलाइन मैप्स' विकल्प के जरिए पूरे शहर या रूट का नक्शा पहले से डाउनलोड करके रख सकते हैं। इसके बाद बिना इंटरनेट या कमज़ोर सिग्नल के भी जीपीएस (GPS) के सहारे सटीक नेविगेशन मिलता रहता है।

भूल गए गाड़ी कहां खड़ी की थी? ऐप रखेगा याद

मल्टीलेवल पार्किंग या किसी बड़े मेले-बाजार में गाड़ी खड़ी करके उसका सटीक स्पॉट भूल जाना बेहद आम बात है। गूगल मैप्स का 'सेव पार्किंग' फीचर इस सिरदर्द को हमेशा के लिए खत्म करता है। गाड़ी पार्क करते ही करंट लोकेशन पर टैप कर इसे आसानी से सेव किया जा सकता है। इसमें यूज़र्स चाहें तो पार्किंग की कोई फोटो या पिलर नंबर जैसे जरूरी नोट्स भी जोड़ सकते हैं, ताकि वापसी में बिना भटके सीधे गाड़ी तक पहुंचा जा सके।

टोल का खर्च और भीड़ का लाइव गणित

अब सफर पर निकलने से पहले ही आपको यह अंदाजा हो जाएगा कि जेब से कितने पैसे ढीले होने वाले हैं। ऐप अब रूट ऑप्शंस में अनुमानित टोल टैक्स की रकम पहले ही स्क्रीन पर दिखा देता है। इसके अलावा, किसी मॉल, रेस्तरां या टूरिस्ट प्लेस पर जाने से पहले वहां कितनी भीड़ मिलेगी, इसका लाइव डेटा 'पॉपुलर टाइम्स' सेक्शन में देखा जा सकता है। इससे लोग पीक ऑवर्स (भीड़ वाले समय) से बचकर अपनी ट्रिप प्लान कर रहे हैं।

इनडोर मैप्स और एआई का कमाल

आजकल बड़े एयरपोर्ट्स, रेलवे स्टेशनों और आलीशान मॉल्स के अंदर सही गेट या दुकान खोजना किसी चुनौती से कम नहीं होता। गूगल का 'इंडोर मैप्स' फीचर जगह को ज़ूम करते ही फ्लोर-वाइज (मंजिल के हिसाब से) अंदर का पूरा नक्शा खोल देता है। वहीं दूसरी तरफ, ऐप का नया एआई पावर्ड फीचर "Know Before You Go" किसी भी होटल या डेस्टिनेशन के हजारों कस्टमर रिव्यूज को खुद पढ़कर उसका एक सटीक और छोटा सा सार (Summary) यूजर के सामने रख देता है, जिससे सही फैसला लेना मिंटों का काम हो गया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!