Search

कैथल में कांग्रेस का बड़ा फेरबदल, रामनिवास मित्तल और कुलदीप चहल बने ब्लॉक अध्यक्ष

Jun 17, 2026 4:26 PM

कैथल (संजय शर्मा)।  आगामी राजनीतिक चुनौतियों और सांगठनिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कैथल जिले में एक बड़ा और रणनीतिक फैसला लिया है। पार्टी ने जमीन से जुड़े और सांगठनिक अनुभव रखने वाले दो दिग्गजों को मुख्यधारा में आगे बढ़ाया है। कैथल नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन और कद्दावर नेता रामनिवास मित्तल को कैथल शहरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं दूसरी ओर पूर्व सरपंच कुलदीप चहल दिल्लोंवाली को कैथल ग्रामीण कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पद के दायित्व से नवाजा गया है। इन दोनों नियुक्तियों के बाद से ही स्थानीय सियासी हलकों और कांग्रेस खेमे में हलचल तेज हो गई है।

नई जिम्मेदारियां मिलने के तुरंत बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए रामनिवास मित्तल और कुलदीप चहल दिल्लोंवाली ने एक संयुक्त बयान में कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। दोनों नेताओं ने दो टूक कहा, "हमारा मुख्य फोकस केवल कागजी कमेटियां बनाना नहीं, बल्कि कांग्रेस की मूल विचारधारा को अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति और हर एक बूथ तक मजबूती से पहुंचाना है। बूथ स्तर पर एक बेहद प्रभावी और आक्रामक प्रचार रणनीति के जरिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकी जाएगी।" उन्होंने कहा कि जनता से सीधे जुड़े मुद्दों और सरकार की विफलताओं को सड़क से लेकर सदन तक प्रखरता से उठाना संगठन का मुख्य एजेंडा होगा।

आलाकमान और सुरजेवाला परिवार का जताया आभार

अपनी इस महत्वपूर्ण सांगठनिक नियुक्ति पर दोनों नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने कांग्रेस के केंद्रीय और राज्य स्तरीय नेतृत्व के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव व क्षेत्रीय सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला का विशेष धन्यवाद किया।

इसके साथ ही, उन्होंने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढाँड, स्थानीय विधायक आदित्य सुरजेवाला और युवा नेता सुदीप सुरजेवाला का भी दिल से आभार जताया। दोनों नेताओं का मानना है कि सुरजेवाला परिवार और जिला नेतृत्व के मार्गदर्शन में कैथल जिला आने वाले समय में कांग्रेस का सबसे मजबूत गढ़ बनकर उभरेगा।

जमीनी कार्यकर्ताओं को कमान मिलने से बढ़ा पार्टी का ग्राफ

कैथल विधानसभा क्षेत्र के भीतर इन दोनों नियुक्तियों का पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और मिठाइयां बांटकर जोरदार स्वागत किया है। जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का कहना है कि रामनिवास मित्तल के पास जहां शहरी राजनीति और नगर परिषद चलाने का एक लंबा प्रशासनिक व व्यावहारिक अनुभव है, वहीं कुलदीप चहल दिल्लोंवाली ग्रामीण आंचल की नब्ज को बखूबी पहचानते हैं।

कार्यकर्ताओं के मुताबिक, ऐसे अनुभवी, समर्पित और हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले चेहरों के हाथों में कमान आने से निश्चित रूप से ग्राउंड लेवल पर निष्क्रिय पड़े कार्यकर्ता भी सक्रिय होंगे और संगठन को नए सिरे से धार मिलेगी। इस सांगठनिक फेरबदल के बाद अब कैथल कांग्रेस आगामी चुनावी मोड में पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!