Yamunanagar News: यमुनानगर में 1.42 करोड़ की ठगी, किराए की प्लाईवुड फैक्ट्री को अपनी बताकर कारोबारी को ठगा

यमुनानगर में 1.42 करोड़ की ठगी
Yamunanagar News: यमुनानगर में धोखाधड़ी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जगाधरी के सावनपुरी निवासी कारोबारी संजीव मित्तल, जो पहले से एक प्लाईवुड फैक्ट्री में पार्टनर हैं, को उनके ही पुराने परिचितों ने चूना लगा दिया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी प्रवीन कुमार शर्मा और उसकी पत्नी जूली ने साल 2024 में उनके घर आकर दावा किया कि उन्होंने रायपुर इलाके में ‘बालाजी पैनल्स’ नाम से एक बड़ी प्लाईवुड फैक्ट्री खरीदी है। आरोपियों ने फैक्ट्री का मुआयना कराया और कारोबार में मोटे मुनाफे का लालच देकर उन्हें हिस्सेदार बनने का प्रस्ताव दिया।
जनवरी से अप्रैल के बीच ऐंठ लिए 1.42 करोड़
आरोपियों की बातों और भरोसे में आकर संजीव मित्तल ने बिजनेस बढ़ाने के नाम पर बैंक ट्रांसफर के जरिए मोटी रकम देनी शुरू कर दी। जनवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 1 करोड़ 42 लाख रुपये आरोपियों की फर्म के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। पैसे लेने के बाद जब आरोपी लगातार टालमटोल करने लगे और कागजी कार्रवाई से बचने की कोशिश की, तो संजीव को शक हुआ। दबाव बनाने पर आरोपियों ने गवाहों के सामने एक इकरारनामा तो लिख दिया, लेकिन हिस्सेदारी का कोई ठोस दस्तावेज तैयार नहीं कराया।
जांच में सामने आई सच्चाई, मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
शंका बढ़ने पर जब संजीव मित्तल ने अपने स्तर पर रायपुर स्थित ‘बालाजी पैनल्स’ की पड़ताल कराई, तो उनके पैर तले जमीन खिसक गई। पता चला कि जिस फैक्ट्री को आरोपी खुद की खरीदी हुई बता रहे थे, वह असल में किराए पर ली गई थी। सच उजागर होने पर जब पीड़ित ने अपनी गाढ़ी कमाई के 1.42 करोड़ रुपये वापस मांगे, तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया और बदसलूकी करते हुए जान से मारने की धमकियां दीं। पीड़ित की शिकायत और शुरुआती जांच के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस ने प्रवीन शर्मा और उसकी पत्नी जूली के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में खंभे से टकराकर बनी आग का गोला कार, चालक ने कूदकर बचाई जान
