Faridabad News: फरीदाबाद में सेक्टर-31 में मंदिर के पीछे मिला 55 वर्षीय पुजारी का शव, सिर पर चोट के निशान

फरीदाबाद में सेक्टर-31 में मंदिर के पीछे मिला 55 वर्षीय पुजारी का शव
Faridabad News: फरीदाबाद। फरीदाबाद के सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय मंदिर के पुजारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मंदिर के पीछे आगरा नहर किनारे जंगलों में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। प्राथमिक जांच में पुजारी के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान (बीके) नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
1 साल से मंदिर में ही रहकर पूजा-पाठ कर रहे थे ओम प्रकाश
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 55 वर्षीय ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है। वे बीते करीब एक साल से सेक्टर-31 स्थित इसी मंदिर में रह रहे थे और यहीं पूजा-पाठ की जिम्मेदारी संभालते थे। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों को मंदिर परिसर में पुजारी दिखाई नहीं दिए। जब तलाश की गई, तो मंदिर के पीछे आगरा नहर से सटे झाड़ियों और जंगलों के बीच उनका लहूलुहान शव पड़ा मिला।
शव देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-31 थाना पुलिस के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारी भी दलबल सहित मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर साक्ष्य जुटाए।
सिर पर चोट के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे सराय एसीपी संदीप मोर ने बताया कि पुजारी के सिर पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि मौत का कारण सिर की चोट ही है या उनके साथ कोई अन्य अनहोनी हुई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है।
एसीपी ने आगे बताया कि शव को बीके अस्पताल भिजवा दिया गया है और डॉक्टरों का एक बोर्ड पोस्टमार्टम करेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का खुलासा हो पाएगा।
वहीं, पुलिस की कई टीमें मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हैं। साथ ही मंदिर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और आसपास के स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात से पहले पुजारी से कौन-कौन मिलने आया था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले की परतें खोल दी जाएंगी।
यह भी पढ़ें– हिसार में पुलिस और सफाई कर्मचारियों में झड़प, 35-40 हिरासत में, महिला कर्मचारी घायल
