Search

अभिनेत्री कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' 12 जून को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी

May 06, 2026 4:48 PM

नई दिल्ली: अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। यह फिल्म वर्ष 2008 में मुबंई में हुए आतंकी हमलों के दौरान 400 लोगों की जान बचाने वाले अस्पताल के कर्मचारियों की सच्ची कहानी से प्रेरित है। निर्माताओं ने बुधवार को यह घोषणा की। ‘भारत भाग्य विधाता’ के पटकथा लेखक और निर्देशक मनोज तापडिया हैं। यह फिल्म 26/11 हमलों की रात कामा अस्पताल के अंदर की गतिविधियों पर आधारित है। इसमें दिखाया गया है कि जब बाहर आतंकवादी घटना के कारण अफरातफरी मची थी तब कैसे अस्पताल के सभी नर्स, वार्ड बॉय, सफाईकर्मी, लिफ्ट ऑपरेटर, सुरक्षाकर्मी और प्रशासनिक कर्मचारी अपने-अपने काम पर डटे रहे और मरीजों के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

रनौत ने एक बयान में कहा, ‘‘फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ उन लोगों के साहस, बलिदान, मानवता और एकता की एक अनकही कहानी है जो आतंक और जीवन के बीच ढाल बनकर खड़े रहे।’’ रनौत ने कहा, ‘‘यह सच्ची देशभक्ति है, जहां कर्तव्य कर्म में बदल जाता है। मुझे इस कहानी का हिस्सा होने पर गर्व है। फिल्म उन लोगों के लिए श्रद्धांजलि स्वरूप है जिन्होंने शहर को उसके सबसे कठिन क्षणों में एकजुट रखा।’’ तापडिया ने कहा कि फिल्म उन आम लोगों, विशेषकर महिलाओं को सम्मानित करती है जिन्होंने सबसे महत्वपूर्ण समय में जीवन-मरण के बीच फैसला लिया। फिल्म के कलाकारों में रनौत के साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्दे सहित अन्य कलाकार शामिल हैं ‘पेन स्टूडियोज’ द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण 'पेन स्टूडियोज', 'मणिकर्णिका फिल्म्स' और 'परमहंस क्रिएशंस' ने 'यूनोइया फिल्म्स एलएलपी' और 'फ्लोटिंग रॉक्स एंटरटेनमेंट' के सहयोग से किया है। इसका वितरण ‘पेन मरुधर’ द्वारा किया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!