Search

पानीपत मर्डर: दोस्त बना जान का दुश्मन, घर के गेट पर रॉड से पीटकर कर दिया कत्ल

May 06, 2026 5:40 PM

पानीपत। पानीपत की पूजा विहार कॉलोनी में मंगलवार की रात दोस्ती के नाम पर एक काला धब्बा लग गया। जो दोस्त कभी साथ उठते-बैठते थे, उनमें से एक 'कातिल' बन गया और दूसरे को मौत की नींद सुला दिया। 35 वर्षीय शिवकुमार की उसके ही पड़ोसी और दोस्त साहिल ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है और इलाके में दहशत का माहौल है।

पहले गला दबाने की कोशिश, अब कर दिया कत्ल

परिजनों की मानें तो शिवकुमार और साहिल के बीच बीते कुछ महीनों से किसी बात को लेकर तनातनी चल रही थी। विवाद इस कदर बढ़ चुका था कि आरोपी साहिल ने कुछ दिन पहले भी शिवकुमार का गला घोंटकर उसे जान से मारने का प्रयास किया था, लेकिन तब मामला शांत हो गया था। मगर साहिल के सिर पर खून सवार था। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे उसने शिवकुमार के घर की दस्तक दी। जैसे ही शिवकुमार ने गेट खोला, साहिल ने बिना संभलने का मौका दिए लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला कर दिया।

मासूम बेटी के सामने आया पिता का शव

इस रूह कंपा देने वाली वारदात का खुलासा बुधवार सुबह हुआ। घर के भीतर सो रही शिवकुमार की बेटी जब सुबह जागी और मुख्य द्वार की तरफ गई, तो वहां का मंजर देखकर वह सुध-बुध खो बैठी। पिता खून से लथपथ हालत में गेट पर ही पड़े थे। बेटी के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और शिवकुमार को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चोट इतनी गहरी थी कि डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।

तफ्तीश में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही सेक्टर-29 थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में भिजवा दिया है। प्राथमिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और आपसी कहासुनी का लग रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी साहिल की पहचान हो चुकी है और उसे पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एक हंसता-खेलता परिवार अब मातम में डूबा है और मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!