Search

Chandigarh News: एयरपोर्ट पर आज शुरू होगा ‘उड़ान यात्री कैफे’, यात्रियों को मिलेगी किफायती और डिजिटल सुविधा

Mar 24, 2026 10:31 AM

चंडीगढ़। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब यात्रियों के लिए और भी सुविधाजनक और आरामदायक बन रहा है। मंगलवार से एयरपोर्ट पर आधुनिक “उड़ान यात्री कैफे” शुरू किया जा रहा है, जहां यात्रियों को किफायती दरों पर स्नैक्स और चाय-कॉफी की सुविधा उपलब्ध होगी। इस पहल का उद्देश्य एयरपोर्ट पर प्रतीक्षा समय को अधिक आरामदायक और सुखद बनाना है। कैफे का उद्घाटन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू की ओर से किया जाएगा। इसके साथ ही डिजी यात्रा सुविधा भी शुरू होगी। पेपरलेस एंट्री के जरिए यात्रियों का समय बचेगा। हालांकि यह सुविधा एयरपोर्ट पर लंबे समय से चल रही है, लेकिन सिविल एविएशन मिनिस्टर मंगलवार को इसका विधिवत शुभारंभ करेंगे।

एयरपोर्ट पर उड़ान यात्री कैफे सिटी साइड अराइवल एरिया में स्थापित किया गया है और इसे खासतौर पर उन यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो फ्लाइट के इंतजार के दौरान आराम और ताजगी चाहते हैं। उड़ान यात्री कैफे शुरू होने से महंगे खाने-पीने के सामान से परेशान यात्रियों को सस्ते विकल्प मिल सकेंगे। एयरपोर्ट पर अभी चाय-कॉफी और स्नैक्स के लिए यात्रियों को 200-300 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। सरकार की नई पहल से बेहद किफायती दरों पर चाय-कॉफी, समोसा और अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस पहल के साथ ही एयरपोर्ट में यात्रियों के डिजिटल अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए हाई स्पीड वाई-फाई की सुविधा, डिजी यात्रा प्लेटफॉर्म और बच्चों के मनोरंजन के लिए किड्स जोन भी शुरू किया जा रहा है। इससे एयरपोर्ट पर यात्रा का समय न केवल आरामदायक होगा, बल्कि परिवार सहित आने वाले यात्रियों के लिए भी सुखद और मनोरंजक बनेगा। कार्यक्रम के दौरान चंडीगढ़ एयरपोर्ट के अलावा देश के अन्य प्रमुख हवाई अड्डों पर भी इन सुविधाओं का वर्चुअल शुभारंभ किया जाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि इस पहल का लक्ष्य यात्रियों को आधुनिक और सहज अनुभव प्रदान करना है और एयरपोर्ट पर प्रतीक्षा समय को अधिक उपयोगी एवं आनंददायक बनाना है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!