Search

पठानकोट-भरमौर हाईवे पर लैंडस्लाइड से हाहाकार, वाहनों की आवाजाही ठप, जोखिम में डाल रावी नदी पार कर रहे लोग

Apr 11, 2026 1:00 PM

भरमौर: पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर बीती रात भारी लैंडस्लाइड के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर में बत्ती हटी के पास रात करीब दो बजे पहाड़ का बड़ा हिस्सा सड़क पर आ गिरा। इस हादसे के बाद से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है और सात घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद सड़क को बहाल नहीं किया जा सका। इससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया है और सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं।

लंबी कतारों में फंसे वाहन

लैंडस्लाइड के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। इनमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पर्यटक भी शामिल हैं, जो घंटों से हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे हैं। हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं।

जान जोखिम में डाल रहे लोग

स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कामकाजी लोग और स्कूली बच्चे मलबे के ऊपर से गुजरने को मजबूर हैं। वहीं, कुछ लोग कड़ाके की ठंड के बावजूद रावी नदी में उतरकर दूसरी ओर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ गया है।

वीकेंड पर बढ़ी परेशानी

वीकेंड होने के कारण इस मार्ग पर पर्यटकों की संख्या अधिक है। पंजाब से बड़ी संख्या में लोग भरमौर, डलहौजी, खजियार और धर्मशाला जैसे पर्यटन स्थलों की ओर जा रहे थे, लेकिन सड़क बंद होने से सभी रास्ते में ही फंस गए हैं।

राहत कार्यों में देरी पर नाराजगी

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह 8:30 बजे तक भी मौके पर मशीनरी नहीं पहुंच पाई। इससे प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के प्रति लोगों में गहरा रोष है। लोगों का कहना है कि आपदा के समय तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए थी।

सड़क बहाली की मांग

स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मलबा हटाकर सड़क को बहाल किया जाए, ताकि यातायात सामान्य हो सके और लोग सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

You may also like:

Please Login to comment in the post!