Search

Himachal Pradesh News: चंबा में कार खाई में गिरने से गुजरात के पांच पर्यटकों समेत छह की मौत, चार घायल

May 11, 2026 2:37 PM

शिमला: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के ककिरा में सोमवार तड़के एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से गुजरात के पांच पर्यटकों समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब 10 लोगों को ले कर एक टोयोटा इनोवा कार मनाली से डलहौजी जा रही थी। वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि कार के खाई में गिरने के बाद उसके परखच्चे उड़ गए और मलबा चारों ओर बिखर गया। बचाव दल को घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद उन्हें जोनल अस्पताल रेफर किया गया।

मृतकों की पहचान ललित भाई फतनानी, उनकी पत्नी ममता, प्रियंक कन्हैया लाल, उनकी पत्नी काजल और बेटे दियांश के रूप में हुई है। ये सभी गुजरात के निवासी थे। इनके अलावा चालक जसवंत की भी मौत हो गई, जो मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल का रहने वाला था। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन घायलों ने बताया कि एक मोड़ पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था। पुलिस ने बताया कि घायलों को कांगड़ा जिले के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (टांडा) में भर्ती कराया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!