Search

Haryana News: हरियाणा बोर्ड की परीक्षा में टीचर के सामने झुंड बनाकर सामूहिक नकल करते रहे स्टूडेंटस, एक-दूसरे से कॉपी बदली

Mar 12, 2026 1:55 PM

चरखी दादरी: हरियाणा में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के दौरान सामूहिक नकल का एक मामला सामने आया है। यह घटना चरखी दादरी जिले के बाढ़ड़ा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि दो दिन की परीक्षा के सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान यह मामला सामने आया। वीडियो में छात्राएं शिक्षकों के सामने ही एक-दूसरे से नकल करती और कॉपियां बदलती दिखाई दे रही हैं।


CCTV फुटेज में दिखी सामूहिक नकल

सीसीटीवी वीडियो में कई छात्राएं एक-दूसरे की कॉपी देखकर उत्तर लिखती नजर आ रही हैं। कुछ छात्राएं तो एक ही स्थान पर बैठकर नकल करती दिखती हैं, जबकि शिक्षक उनके आसपास घूमते दिखाई देते हैं। वीडियो में यह भी देखा गया कि कुछ छात्राएं आपस में उत्तर पुस्तिकाएं बदल रही हैं। इतना ही नहीं, एक छात्रा प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका लेकर परीक्षा कक्ष से बाहर जाती हुई भी दिखाई देती है।


बोर्ड ने शुरू की जांच

मामले के सामने आने के बाद हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने इसे गंभीर मामला बताया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में अध्यापक भी नकल करवाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग को बोर्ड के नियंत्रण कक्ष भिवानी भेज दिया गया है, जहां से आगे की कार्रवाई की जाएगी।


पहले भी सामने आ चुके हैं नकल के मामले

बोर्ड के अनुसार प्रदेश में 25 फरवरी से परीक्षाएं चल रही हैं। अब तक कुल 191 नकल के मामले पकड़े जा चुके हैं। इसी क्रम में पलवल के परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलावलपुर-2 में 9 मार्च को आयोजित 12वीं की रसायन विज्ञान और लेखांकन विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।


आज भी होंगी कई परीक्षाएं

बोर्ड की ओर से 12 मार्च को भी कई परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। राज्यभर के 1529 परीक्षा केंद्रों पर 10वीं के विज्ञान, 12वीं के कृषि और दर्शनशास्त्र विषय की परीक्षा कराई जाएगी। इन परीक्षाओं में लगभग 2 लाख 89 हजार 690 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!