Search

खुशखबरी! अब सिर्फ आधार कार्ड पर मिलेगा 5 किलो का गैस कनेक्शन, BPCL ने शुरू की खास स्कीम

Apr 08, 2026 4:15 PM

दिल्ली। दुनिया भर में युद्ध की आहट और ऊर्जा संकट के बीच पिछले कुछ दिनों से देश में गैस की कमी और अनियमित सप्लाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बाजार में गर्म थीं। इन अफवाहों और आशंकाओं के बीच भारत पेट्रोलियम ने एक बड़ा कदम उठाते हुए न केवल सप्लाई की स्थिरता का भरोसा दिलाया है, बल्कि 5 किलो के छोटे गैस सिलेंडर की वितरण प्रक्रिया को भी बेहद आसान बना दिया है। यमुनानगर सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में इस योजना का लाभ उन लोगों को मिल रहा है जो बड़े सिलेंडर का बोझ नहीं उठा सकते या जिनके पास स्थायी पते के दस्तावेज नहीं हैं।

सिर्फ आधार कार्ड लाएं और 5 मिनट में कनेक्शन ले जाएं

यमुनानगर में इस योजना को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। दरअसल, फैक्ट्रियों में काम करने वाले प्रवासी मजदूर, फास्ट फूड की रेहड़ी लगाने वाले छोटे दुकानदार और अकेले रहने वाले विद्यार्थियों को गैस के लिए अक्सर भटकना पड़ता था। नई योजना के तहत अब किसी लंबी वेटिंग या पते के सत्यापन की जरूरत नहीं है। विद्या भारत गैस एजेंसी के मालिक प्रवेश कुमार ने बताया कि भारत पेट्रोलियम की इस पहल से समाज के निचले तबके को भारी लाभ हो रहा है। ग्राहक को सिर्फ अपना आधार कार्ड दिखाना है और 5 मिनट के भीतर उसे सिलेंडर हैंडओवर कर दिया जाता है।

कम खर्च में बड़ी सुविधा: सिक्योरिटी और रिफिल के दाम तय

इस छोटे सिलेंडर कनेक्शन की लागत भी आम आदमी की जेब को ध्यान में रखकर तय की गई है। उपभोक्ता को मात्र 1000 रुपये सिक्योरिटी राशि के रूप में जमा करने होंगे, जो पूरी तरह रिफंडेबल (वापसी योग्य) है। वहीं, 5 किलो गैस की भराई के लिए करीब 600 रुपये का भुगतान करना होगा। सरकार की इस फ्लेक्सिबल (लचीली) योजना से ब्लैक में मिलने वाली गैस पर भी लगाम लगेगी और गरीबों को सुरक्षित ईंधन मिल सकेगा।

उपभोक्ताओं ने जताया आभार

यमुनानगर के औद्योगिक इलाकों में काम करने वाले मजदूरों और रेहड़ी संचालकों ने इस स्कीम के लिए केंद्र सरकार और भारत पेट्रोलियम का धन्यवाद किया है। लोगों का कहना है कि पहले गैस की किल्लत की खबरों से वे डरे हुए थे, लेकिन अब सुलभ और सस्ते विकल्प ने उनकी चिंता दूर कर दी है। स्थानीय कारोबारियों का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप 'इज ऑफ लिविंग' को बढ़ावा देने वाला यह एक सराहनीय कदम है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!