Search

दिल्ली वालों को बड़ी सौगात: निजामुद्दीन स्टेशन और सराय काले खां नमो भारत के बीच खुला 300 मीटर लंबा फुटओवर ब्रिज

May 16, 2026 5:31 PM

दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में रोजाना सफर करने वाले लाखों रेल यात्रियों के लिए एक बेहद सुकून देने वाली खबर है। राष्ट्रीय राजधानी के सबसे व्यस्ततम रेल टर्मिनलों में शुमार हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन को सराय काले खां स्थित रैपिड रेल यानी 'नमो भारत' स्टेशन से सीधे जोड़ दिया गया है। दोनों महत्वपूर्ण परिवहन केंद्रों को आपस में जोड़ने वाले नवनिर्मित 300 मीटर लंबे आलीशान फुटओवर ब्रिज (FOB) को आधिकारिक तौर पर यात्रियों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। इस बुनियादी ढांचे के तैयार होने के बाद, जो दूरी पहले किसी दुःस्वप्न जैसी लगती थी, वह अब सिर्फ 4 से 5 मिनट के पैदल वॉकवे में तब्दील हो गई है।

6 ट्रैवलर लेटर से लैस है यह कॉरिडोर, चलने की मेहनत होगी आधी

इस नवनिर्मित फुटओवर ब्रिज की बनावट और तकनीक इसे देश के अन्य सामान्य ब्रिजों से काफी जुदा बनाती है। यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों जैसी सहूलियत देने के लिए इस पूरे कॉरिडोर में 6 अत्याधुनिक ट्रैवलर लेटर (मूविंग वॉकवे) इंस्टॉल किए गए हैं। ये ट्रैवलर लेटर 3-3 की संख्या में दोनों दिशाओं (आने और जाने) में चौबीसों घंटे काम करेंगे। लगभग 65 मीटर लंबे इन मूविंग वॉकवे की मदद से भारी सूटकेस लेकर चलने वाले यात्रियों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को बिना अतिरिक्त शारीरिक मेहनत के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचाया जा सकेगा। इसके अलावा पूरे परिसर को लिफ्ट, एस्केलेटर, सीसीटीवी निगरानी और दिव्यांगजनों के अनुकूल विशेष रैंप से सुरक्षित और सुगम बनाया गया है।

रिंग रोड के नरक और ऑटो वालों की मनमानी से मिली स्थाई निजात

इस एफओबी के न होने से पहले तक यात्रियों को जो मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी, उसका अंदाजा हर दिल्ली वाले को है। ट्रेन से उतरकर सराय काले खां बस अड्डे या रैपिड रेल स्टेशन जाने के लिए लोगों को निजामुद्दीन स्टेशन से बाहर निकलना पड़ता था। इसके बाद रिंग रोड की बेतरतीब भीड़, ऑटो चालकों की मनमानी, अवैध पार्किंग और धूल-धूसरित रास्तों से होकर जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती थी। बारिश के दिनों में यह स्थिति और भयावह हो जाती थी। लेकिन अब, इस इनडोर सुरक्षित मार्ग के खुल जाने से यात्री बिना धूप, बारिश या सड़क के ट्रैफिक का सामना किए, सीधे एक स्टेशन के प्लेटफॉर्म से दूसरे स्टेशन के अंदर दाखिल हो सकेंगे।

टिकटिंग का तामझाम भी हुआ आसान, ऐप और वेंडिंग मशीनों का सहारा

पैसेंजर्स की बढ़ती तादाद और भगदड़ की स्थिति से निपटने के लिए रेलवे प्रशासन ने भी अपनी तरफ से पुख्ता इंतजाम किए हैं। हजरत निजामुद्दीन स्टेशन की तरफ नए एंट्री पॉइंट पर 5 अनारक्षित टिकट काउंटर (UTS) और एक नया पूछताछ केंद्र खोल दिया गया है। डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने और लंबी लाइनों को छोटा करने के उद्देश्य से यहां 8 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (ATVM) भी लगाई गई हैं। साथ ही, रेल वन सुपर ऐप के जरिए घर बैठे या रास्ते में ही ऑनलाइन टिकट जेनरेट करने के लिए जगह-जगह क्यूआर (QR) कोड के साइनबोर्ड लगाए गए हैं, ताकि यात्री बिना समय गंवाए सीधे अपनी ट्रेन पकड़ सकें।

You may also like:

Please Login to comment in the post!