असम के डिब्रूगढ़ में बाईपास पर आपातकालीन लैंडिंग सुविधा का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
Feb 12, 2026 12:37 PM
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 फरवरी को असम के डिब्रूगढ़ जिले में मोरान बाईपास पर आपातकालीन लैंडिंग सुविधा का उद्घाटन करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय के अनुसार, इस सुविधा के शुरू होने से राजमार्ग के एक निर्धारित हिस्से को "वैकल्पिक रनवे" के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा, जहां आपात स्थिति में लड़ाकू विमान, परिवहन विमान और हेलीकॉप्टर को उतारा व रवाना किया जा सकेगा। मंत्रालय ने कहा कि यह सुविधा दूर-दराज के क्षेत्रों में मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएआरडी) अभियानों के दौरान भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
रक्षा मंत्रालय ने बयान में कहा कि असम राज्य एक ऐतिहासिक उपलब्धि का साक्षी बनने जा रहा है। डिब्रूगढ़ जिले के मोरान बाईपास पर आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) का 14 फरवरी को उद्घाटन होगा। यह ईएलएफ पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपनी तरह की पहली सुविधा है।